ज्वालामुखी की निजी सराय में मृत मिला पंजाब का 63 वर्षीय श्रद्धालु, जाँच में जुटी पुलिस
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी शहर की एक निजी सराय में एक श्रद्धालु मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला है। हालाँकि व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक श्रद्धालु की पहचान 63 वर्षीय राकेश शर्मा पुत्र धनी राम शर्मा, निवासी हाउस नंबर 102, बसंत विहार कॉलोनी बस्सी जोड़वाल लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु रविवार को ज्वालामुखी की एक निजी धर्मशाला में रुका था। जब सुबह निजी धर्मशाला के कर्मचारियों ने देखा कि रात को रुका हुआ श्रद्धालु कमरे से बाहर नहीं आया तो उन्होंने दरवाजे की कुंडी तोड़कर देखा कि वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।
इसके बाद इसकी सूचना तुरंत प्रबंधक को दी और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की। ज्वालामुखी थाना प्रभारी विजय कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।