Loading...

टिकाऊ खाद्य सुरक्षा हेतु आधुनिक कृषि अपनाएं किसान- डॉ. डी.के. वत्स

PARUL • 23 Dec 2023 • 1 Min Read

कृषि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय किसान दिवस हुआ आयोजित

HNN/कांगड़ा

चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में शनिवार को वैज्ञानिक किसान संवाद द्वारा राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ.डी.के.वत्स ने बतौर मुख्यातिथि उद्घाटन भाषण में आधुनिक कृषि को अपनाकर नई पीढ़ी को खेती में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों को अपनाकर राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा को बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

डॉ. वत्स ने महिलाओं की कृषि में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेती करने के साथ वे कई अन्य जिम्मेदारियां भी बखूबी संभाल रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को कृषि का अध्ययन करने के लिए प्रेरित करें। कुलपति ने जोर देकर कहा, ‘‘हम भोजन के बिना जीवित नहीं रह सकते, इसलिए कृषि सबसे महत्वपूर्ण और सबसे पहला पेशा है जिसे अपनाया जाना चाहिए।‘‘

कुलपति ने फसल उत्पादन बढ़ाने और खाद्य सुरक्षा के लिए आधुनिक कृषि में अन्य मशीनें आदि के साथ वर्टिकल खेती, छत पर खेती, हाइड्रोपोनिक्स आदि की बढ़ती लोकप्रियता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारा राज्य कृषि जैव विविधता में समृद्ध है और भौगोलिक संकेतक प्राप्त करने में विश्वविद्यालय के प्रयासों से किसानों को लाभ हुआ है। उन्होंने सभी को आहार में पोषक अनाजों का उपयोग बढ़ाने की सलाह दी।

उन्होंने कृषि पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों के अधिकतम उपयोग की आवश्यकता पर भी चर्चा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश की प्रगति के लिए सभी हाथ मिलाएंगे। कुलपति ने महिला किसानों को सब्जियों के बीज और कृषि साहित्य भी वितरित किया। प्रसार निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने इस दिन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने बताया कि इसे पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किया गया था क्योंकि उन्हें किसानों का मसीहा कहा जाता था। पूर्व प्रधान मंत्री ने किसानों के लिए कई कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए थे। डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि ‘‘स्थायी खाद्य सुरक्षा के लिए स्मार्ट खेती‘‘ इस दिन का विषय है। उन्होंने कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए नई कृषि प्रौद्योगिकियों के बारे में भी विस्तार से बताया। सहनिदेशक डॉ. राजेश उप्पल और डॉ. लव भूषण ने भी किसानों को संबोधित किया।