तेंदुए की दहशत: वन विभाग ने लगाए दो ट्रैप कैमरे, लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदरों और कुत्तों के बाद अब तेंदुए की दहशत से लोग सहमे हुए हैं। आलम यह है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। बता दे, चंद रोज पहले भी एक युवक पर फाइव बेंच के पास तेंदुए ने हमला कर दिया था जिसके चलते उसे गंभीर चोटें पहुंची थी। इस घटना के बाद से एक बार फिर लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। वही लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई थी।
इसी बीच अब वन विभाग भी हरकत में आ गया है। वन विभाग ने फाइव बेंच क्षेत्र में दो ट्रैप कैमरे लगाए हैं जिससे तेंदुए की आवाजाही देखी जाएगी। यदि तेंदुआ कैमरे में घूमता नजर आया तो फिर इसे पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित किया जाएगा। उधर, वन विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें एहतियात बरतने की अपील की है। जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार, रात को अंधेरे में अकेले बाहर ना निकले। खास तौर पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
देर रात पैदल चलने वाले लोग टॉर्च जलाकर ही चलें। डीएफओ शिमला शहरी अनीता भारद्वाज ने बताया कि तेंदुए की आवाजाही चेक करने के लिए दो ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगर किसी को भी तेंदुआ दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दे।