पुलिस ने नशे की खेप सहित पकड़ा तस्कर
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने नशे की खेप सहित एक युवक को पकड़ा है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय पंकज पुत्र हेमराज निवासी ग्राम पंचायत धलोग बनीखेत के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूत्रों के आधार पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति के पास नशे की खेप हो सकती है।
सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह पुलिस की टीम ने एसआई करतार सिंह की अगुवाई में बनीखेत स्थित रैन बसेरे में दबिश दी तो वहां एक युवक की गतिविधियों को देखकर पुलिस को उस पर शक हुआ। शक के आधार पर पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 5.37 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी अभिषेक यादव ने की है।