देहरा में नए एसपी अशोक रत्न ने संभाला कार्यभार
HNN/कांगड़ा
आईपीएस अधिकारी अशोक रत्न ने देहरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तौर पर शुक्रवार को अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है। उनका देहरा पहुंचने पर डीएसपी देहरा अनिल कुमार और ज्वालामुखी के डीएसपी आरपी जसवाल ने स्वागत किया। उसके बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने देहरा और ज्वालामुखी के डीएसपी के साथ कानून व्यवस्था और पंजाब राज्य के साथ लगती सीमाओं आदि पर बैठक ली।
नए एसपी अशोक रत्न ने कहा कि देहरा को अच्छे तरीके से पुलिस जिला के तौर पर स्थापित करना प्राथमिकता में रहेगा। नए पुलिस जिला के लिए एक बेहतर सिस्टम तैयार करने के लिए जन सहयोग बहुत जरूरी है। साथ ही नशे और कालाबाजारी और अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस जिला देहरा को स्थापित करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से ही देहरा को अच्छे तरीके से पुलिस जिला के तौर पर स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिला देहरा के लिए एक बेहतर सिस्टम तैयार करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।
