दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने 25 दिन बाद एसपी कार्यालय में किया आत्मसमर्पण
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत जसौर पंचायत के भेडू गांव में बीते दिनों हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने 25 दिन बाद एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार गांव भेडू ग्राम पंचायत जसौर के रूप में हुई है। धर्मशाला में आत्मसमर्पण के बाद आरोपी दीपक को नगरोटा बगवां पुलिस थाना भेज दिया गया है। जहां मामले पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि दीपक 2 नवंबर को अपने बड़े भाई और भाभी को मौत के घात उतरने के बाद प्रदेश से भाग गया था। जिसके बाद से ही पुलिस जगह-जगह उसकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि दीपक कुमार वारदात को अंजाम देने के बाद सीधे दिल्ली के लिए निकल गया था। जहां पर कुछ दिन रूकने के बाद वह मुंबई भाग गया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक के सभी बैंक खाते सीज कर दिए थे।
पैसे खत्म होने पर दीपक के पास वापिस आने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। जिसके चलते उसने रविवार देर रात एसपी कार्यालय धर्मशाला में आत्मसमर्पण किया। बता दें कि जमीनी विवाद के चलते 2 नवंबर को दीपक ने अपने भाई विपन और भाभी रमा देवी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 2 नवंबर को रमा देवी और दीपक की पत्नी व बेटी के बीच लड़ाई चल रही थी।
दोनों महिलाओं ने अपने-अपने पतियों को घर बुलाया। घर पहुंचने पर दीपक ने अपनी बंदूक से बड़े भाई और भाभी की हत्या की थी। एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने आरोपी के आत्मसमर्पण करने की पुष्टि की है।