धौलाधार कन्वेंशन सेंटर की छत टपकने से उठे सवाल
HNN/काँगड़ा
धर्मशाला में दो साल पहले बने धौलाधार कन्वेंशन सेंटर की छत बारिश में टपकनी शुरू हो गई है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने इस कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये जारी किए थे, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तरफ ध्यान नहीं दिया गया। इससे फर्श पर फिसलन हो रही है और दीवारों पर सीलन के निशान दिखाई दे रहे हैं।
इस कन्वेंशन सेंटर में स्थापित लिफ्ट बंद पड़ी है और स्टील के दरवाजों पर धूल जमी है। सीढ़ियों के नीचे पानी की खाली बोतलें और गंदगी के ढेर लगे हैं। दरवाजे पर लगी लकड़ी की चौखट बाहर निकल चुकी है और प्लास्टर की भी पपड़ियां निकल रही हैं। इससे सरकारी एजेंसियों पर सवाल उठ रहे हैं।
उच्चाधिकारियों को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। धौलाधार कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से पर्यटन निगम के होटल धौलाधार की रौनक भी खत्म हो गई है, जो पहले से ही मोटी आमदनी प्राप्त कर रहा था। अब इस होटल के कमरों से धौलाधार पर्वत नहीं दिखाई देता।