नूरपुर पुलिस अब बॉडी वार्न कैमरों की निगरानी में करेगी वाहनों की जांच
HNN/कांगड़ा
नूरपुर पुलिस ने अपनी ट्रैफिक जांच प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए बॉडी वार्न कैमरों का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है। इन कैमरों को ट्रैफिक पुलिस और थानों के जवानों को दिए गए हैं, जो उनकी वर्दी पर लगाए जाएंगे।इन कैमरों में सब कुछ रिकॉर्ड होगा, जिससे चालान या अन्य कार्रवाई में पारदर्शिता आएगी और घूस की शिकायतों पर भी विराम लगेगा।
यही नहीं, पुलिस से अभद्रता करने वाले चालकों पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा।नूरपुर के एसपी अशोक रतन के मुताबिक बॉडी वार्न कैमरा यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मी की वर्दी पर लगा रहेगा। कैमरे के जरिये पुलिस और लोगों के बीच हुई बातचीत और अन्य गतिविधियों को कैद किया जा सकेगा।बॉडी वार्न कैमरे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। ये कैमरे चारों तरफ घूम सकते हैं। 15 दिन तक डाटा स्टोर कर सकते हैं।
इतना ही नहीं, इन कैमरों को जीपीएस के जरिये कंट्रोल रूम से भी जोड़ा जा सकता है।बॉडी वार्न कैमरे में सॉफ्टवेयर होता है, जिसमें रिकॉर्डिंग रहती है। डाटा के साथ छेड़छाड़ भी नहीं की जा सकती। किसी कार्रवाई के दौरान फुटेज को डिलीट करना या छिपाना भी संभव नहीं होता है।