पुलिस ने गाड़ी से बरामद की देसी शराब की 16 पेटियां, चालक फरार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस ने 32 मील-ज्वाली मार्ग पर ताहलियां के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से देसी शराब की 16 पेटियां बरामद की हैं। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने ताहलियां सफेदा चौक पर नाका लगाया हुआ था।
इस दौरान कुठेड़ा की तरफ से एक कार आई, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक नाका तोड़कर गाड़ी भगा ले गया। उसके बाद पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया तो बसंतपुर के समीप चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें देसी शराब की 16 पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि इस संदर्भ में पुलिस ने गाड़ी को शराब सहित जब्त करके केस दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
