प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों ने क्लस्टर सिस्टम के विरोध में सरकार को भेजा ज्ञापन
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में शिक्षा खंड फतेहपुर के तहत आने वाले राजकीय प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों ने क्लस्टर सिस्टम के विरोध में सरकार को ज्ञापन भेजा है। शिक्षकों साथ-साथ कार्यालय के स्टाफ ने भी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बलवान सिंह के माध्यम से विभाग और सरकार को ज्ञापन भेज कर क्लस्टर सिस्टम के विरोध में आवाज उठाई है।
इस दौरान टीचर्स कम पीटीएफ प्रधान बलबीर संधू ने बताया कि विभाग और सरकार क्लस्टर सिस्टम शुरू करने जा रही है, जो शिक्षकों और बच्चों के भी हित में नहीं है। उनका कहना है कि पहले ही प्राथमिक उच्च शिक्षण संस्थानों में काफी सारे शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। ऐसे में अगर सरकार क्लस्टर सिस्टम शुरू कर देगी तो बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से नहीं होगी।
उन्होंने विभाग और सरकार से अपील की है कि क्लस्टर सिस्टम लागू करने के बजाय वर्तमान के सिस्टम को ही और बेहतर किया जाए। साथ ही शिक्षकों के खाली पदों को भरने की तरफ भी ध्यान दिया जाए।
इतना ही नहीं उन्होंने सरकार को चेतावनी भी दी है कि अगर फिर भी उन्होंने क्लस्टर सिस्टम को लागू किया तो मजबूरन सभी शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।