Loading...

बेकाबू ट्रक ने रौंदी महिला, मौके पर मौत, फिर स्कूटी-बाइक-कार को मारी टक्कर, 4 जख्मी

Ankita • 3 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा के भवारना-खैरा-जयसिंहपुर सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला ने जान चली गई है। मृतका महिला की पहचान कमला देवी (75) पत्नी साधु राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बेकाबू ट्रक की चपेट में अन्य 4 लोग भी आ गए।

जिनकी पहचान भावना पुत्री रविंद्र गांव भट्टपुरा पंचायत ठंडोल, अराध्या पुत्री डिंपल ठंडोल और बाइक सवार दलजीत कटोच निवासी गांव डूगनी पंचायत मलाहू के रूप में हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। घटना के दौरान ट्रक भी बीच सड़क में पलट गया। ट्रक चालक तथा एक अन्य घायल को गंभीर स्थिति के चलते डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रैफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस थाना पंचरुखी के तहत गांव मनियाड़ा में एक तेज रफ्तार ट्रक ने यहां सड़क के किनारे एक दुकान पर सब्जी खरीद कर रही महिला को रौंद दिया। इसके बाद हादसे में महिला की मौत मौके पर ही हो गई।

वहीं, ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खोने के बाद पहले स्कूटी, बाइक और बाद में एक कार को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार दो युवतियां और एक बाइक सवार घायल हो गया। वह यहीं भी नहीं रुका और ट्रक को भगाने के चक्कर में सड़क पर ही ट्रक पलट गया। उधर, थाना प्रभारी नंद लाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।