महिला ने उठाया खौफनाक कदम, बेटी के बयान पर पिता गिरफ्तार
HNN / कांगड़ा
जिला कांगड़ा के तहत आते पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां की बासा पंचायत में एक महिला ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान पिंकी देवी पत्नी रविंद्र कुमार निवासी बासा के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मृतका की बेटी के बयान के आधार पर पति को हिरासत में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की बेटी श्रुति ने पुलिस को बताया कि वह अपने नाना के घर गई हुई थी। इस दौरान उसके पिता ने फोन पर सूचना दी कि उसकी माँ की सिर पर चोट लगने से मौत हो गई है। यह सुनकर जैसे ही वह घर पहुंची, तो उसने देखा कि वहां पुलिस और गांव के लोग मौजूद थे।
इसके बाद पुलिस ने जब मृतिका की बेटी के बयान दर्ज किए तो उसने पुलिस को बताया कि उसका पिता उसकी मां को शराब पीकर खूब मारता था। इसके चलते उसकी मां काफी परेशान रहती थी। पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
उधर, नूरपुर के एएसपी मदन कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। फ़िलहाल महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।