Loading...

मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू का पहला दौरा, 21 को आएंगे धर्मशाला

PRIYANKA THAKUR • 17 Dec 2022 • 1 Min Read

जोरावर स्टेडियम में होगा अभिनंदन समारोह, जिलेभर से आएंगे लोग

HNN / काँगड़ा

मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने पहले दौरे पर 21 दिसंबर को धर्मशाला आएंगे। शपथ ग्रहण के बाद पहली दफा कांगड़ा जिला आ रहे मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत को लेकर जिलावासियों समेत कांग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं। धर्मशाला में मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के साथ ही जोरावर स्टेडियम में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।

बता दें, विधानसभा भवन तपोवन, धर्मशाला में 22 दिसंबर से विधानसभा का सत्र लगने जा रहा है, इसे लेकर राज्यपाल ने अधिसूचना जारी कर दी है। शाहपुर के कांग्रेस विधायक व प्रदेश महासचिव एवं अभिनंदन समारोह के समन्वयक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बतौर सीएम कांगड़ा जिले का पहला दौरा ऐतिहासिक होगा और उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

प्रेरणादायक है सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का सफर
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर अपनी योग्यता से सूबे के शीर्ष पद तक पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू आम जन के लिए संघर्ष से सफलता के आदर्श हैं। जन मन से सीधा जुड़ाव उनकी ताकत है। केवल पठानिया ने कहा कि एनएसयूआई के आम कार्यकर्ता से सीएम बनने तक का सुखविंदर सिंह सुक्खू का सफर पार्टी कार्यकर्ताओं समेत सभी केे लिए प्रेरणादायक है।

अभिनंदन समारोह में जिलेभर से आएंगे लोग
उन्होंने कहा कि जोरावर स्टेडियम में शानदार अभिनंदन समारोह का आयोजन कर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इस समारोह में जिलेभर से कार्यकर्ता और आम लोग मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने, अपनी खुशी जताने और पूरी मजबूती से साथ चलने का संकल्प लेकर बहुत बड़ी संख्या में पधारेंगे।