Loading...

मेडिकल लीव लेकर राजस्थान घूमने निकले कर्मचारी, फेसबुक पोस्ट से खुली पोल

Shailesh Saini • 18 Feb 2026 • 1 Min Read

माजरा नायब तहसीलदार सहित स्टाफ को एसडीएम का नोटिस

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन :

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल की माजरा उपतहसील में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। माजरा के नायब तहसीलदार इंद्र कुमार सहित तहसील स्टाफ मेडिकल लीव लेने के बाद राजस्थान में घूमते पाए गए।

सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों की राजस्थान यात्रा की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया, विशेषकर फेसबुक पर सामने आने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। बताया जा रहा है कि स्टाफ जैसलमेर में भ्रमण कर रहा था, जबकि उपतहसील कार्यालय लगभग खाली पड़ा रहा।

कार्यालय में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण दूर-दराज से आए लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और कई लोग बिना काम करवाए लौटने को मजबूर हुए। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामले पर संज्ञान लेते हुए पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने नायब तहसीलदार इंद्र कुमार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। स्टाफ को अवकाश स्वीकृत करने के मामले में तहसीलदार रविंद्र सिसोदिया से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

छुट्टी पर गए कर्मचारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।