Loading...

राजगढ़ में दूध के दाम बढ़े, अब 57 रुपये प्रति लीटर मिलेगा दूध

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 7 Mar 2026, 2:48 PM | Updated: 7 Mar 2026, 2:48 PM 1 min read

दुग्ध उत्पादकों की बैठक में बढ़ती लागत के कारण लिया गया निर्णय

राजगढ़

राजगढ़ क्षेत्र में दुग्ध उत्पादकों की बैठक में दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। दुग्ध उत्पादक समिति राजगढ़ की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब दूध 55 रुपये प्रति लीटर की बजाय 57 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कपिल ठाकुर ने की, जिसमें क्षेत्र के कई दुग्ध उत्पादकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पशुपालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

दुग्ध उत्पादकों ने कहा कि पशुपालन का व्यवसाय लगातार महंगा होता जा रहा है। पशुओं को दिया जाने वाला फीड और चोकर पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है। इसके अलावा पशुओं के बीमार होने पर उपचार का खर्च भी काफी बढ़ गया है, जिससे पशुपालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए समिति ने दूध के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि दुग्ध उत्पादकों को कुछ राहत मिल सके।

समिति के अध्यक्ष कपिल ठाकुर ने कहा कि दूध की कीमत बढ़ने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से अपील की कि वे दूध की शुद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर दूध उपलब्ध हो सके।

बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा दूध के दामों में बढ़ोतरी किए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार भी व्यक्त किया गया।

इस मौके पर समिति के सचिव जंसवत ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी कृषि और पशुपालन से दूर होती जा रही है और नशे जैसी कुरीतियों की ओर बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पशुपालन को अपनाकर इसे स्वरोजगार का माध्यम बनाएं।