रेणुकाजी के भराड़ी गांव में भूस्खलन से मकान ढहा, 12 लोगों का परिवार बेघर, प्रशासन ने दी मदद का आश्वासन
नौहराधार
बारिश से बिगड़े हालात
श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की तहसील नौहराधार के भराड़ी गांव में भारी भूस्खलन ने तबाही मचाई। जोगिंदर सिंह का मकान भूस्खलन की चपेट में आने से आधा ढह गया और शेष हिस्से में गहरी दरारें पड़ गई हैं। परिवार के 12 सदस्य अब पूरी तरह बेघर हो गए हैं। लगातार तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने स्थिति और गंभीर कर दी है।
बेघर हुए लोग, प्रशासन सक्रिय
जोगिंदर सिंह और उसका परिवार मजबूरी में घर छोड़ चुका है और अब उनके सामने रात बिताने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है।
प्रशासन का आश्वासन
एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह खड़ा है। नुकसान का आकलन करने के लिए हल्का पटवारी को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि परिवार के पास रहने का ठिकाना नहीं है तो अस्थायी आवास उपलब्ध करवाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर परिवार को रिश्तेदारों तक पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था भी की जाएगी।
क्षेत्र में भारी नुकसान का आकलन जारी
एसडीएम ने बताया कि भारी बारिश से पूरे उपमंडल में नुकसान हुआ है। तहसीलदार, उप तहसीलदार सहित 21 पटवार सर्कलों के अधिकारी लगातार फील्ड में स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है।
