वाहनों की आवाजाही के लिए इस महीने तक नहीं खुलेगा चक्की पुल….
HNN/ कांगड़ा
पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को जोड़ने वाले सामरिक महत्व के अंतरराज्यीय चक्की सड़क पुल अक्तूबर तक यातायात के लिए नहीं खुलेगा। वहीं पुल पर यातायात बंद होने के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 9 जुलाई को चक्की पुल के दो स्तंभों (पी-1 व पी-2) की नाजुक हालत को मद्देनजर रखते हुए पुल से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया था और यातायात को बायां कंडवाल-भदरोआ-डमटाल संपर्क मार्ग पर मोड़ दिया गया था।
हालांकि, इससे पहले भी चक्की पुल से भारी और यात्री वाहनों की आवाजाही करीब एक साल से बंद पड़ी थी, लेकिन इस बार भारी बरसात के चलते चक्की पुल के खतरे की जद में आने से छोटे वाहनों को भी बंद कर दिया गया। इससे अब लोगों को बायां कंडवाल-भदरोआ संपर्क मार्ग से करीब 15 से 20 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है।
उधर, इस बारे आईआरबी कंपनी के सीजीएम हरप्रीत सिंह ने बताया कि भारी बरसात के कारण चक्की पुल के पहले स्तंभ (पी-1) और अवेटमेंट (अप्रोच) की स्थिति नाजुक बनी हुई है और ऐसे में पुल को छोटे वाहनों के लिए भी नहीं खोला जा सकता।
खासकर जब तक कि आईआईटी रुड़की के सुझाव पर चक्की दरिया पर बने मौजूदा और प्रस्तावित नए सड़क और रेल पुल की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे चेकडैम (प्रोटेक्शन वाल) का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता है।
फिलहाल चेकडैम का करीब 30 फीसदी निर्माण कार्य हो चुका है और मौसम साफ रहने पर इसे अक्तूबर माह के अंत तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद एनएचएआई चक्की पुल को ट्रैफिक के लिए खोलने का निर्णय ले सकती है।