शिरगुल मंदिर में पूर्व सैनिक महिलाओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर किया हवन, जवानों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना
राजगढ़
पूर्व सैनिक संगठन ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर जताई खुशी
राजगढ़ में पूर्व सैनिक संगठन की महिलाओं ने मंगलवार को शिरगुल देवता मंदिर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर हवन का आयोजन किया। यह हवन देश के वीर जवानों की सुरक्षा और कुशलता के लिए किया गया। संगठन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राजेश चौहान और वायु सेना के सेवानिवृत्त सार्जेंट विनोद पुंडीर ने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान की गई थी प्रार्थना
संगठन की सदस्या सरोज ठाकुर ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू होने के साथ ही सैनिक परिवारों की महिलाओं ने जवानों की सुरक्षा के लिए हनुमान चालीसा और शिव चालीसा का पाठ आरंभ कर दिया था। ऑपरेशन की सफलता के बाद उन्होंने शिरगुल मंदिर में हवन करने का संकल्प लिया था, जिसे अब पूरा किया गया।
टेक्सी यूनियन राजगढ़ का सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक संगठन ने टेक्सी यूनियन राजगढ़ का विशेष आभार व्यक्त किया। यूनियन ने संघर्ष के दौरान सैनिकों के परिवारों के लिए नि:शुल्क टैक्सी सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा कर एकजुटता का परिचय दिया।
महिलाओं ने दिखाई एकजुटता, सैनिकों के प्रति व्यक्त किया समर्थन
इस हवन और प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों की पत्नियों और महिला रिश्तेदारों ने भाग लिया। उन्होंने देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान और एकजुटता व्यक्त करते हुए उनकी सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना की।