Loading...

श्री रेणुका जी के भाजपा नेता बलबीर चौहान का ऑडियो वायरल, कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने…

SAPNA THAKUR 5 Nov 2022 Edited 5 Nov 1 min read

HNN/ श्री रेणुका जी

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बीच जिला सिरमौर के भाजपा नेता का एक ऑडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कांग्रेस के फेवर में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल हुआ यह ऑडियो जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बलबीर चौहान का है। हालांकि उन्होंने इस बाबत अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पार्टी का साथ देने की बात कही है।

दरअसल, एससी एसटी निगम के पूर्व उपाध्यक्ष व तीन बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके बलबीर इस बार भी टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने नए चेहरे नारायण सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। इसी के विरोध में बलबीर ने गुपचुप तरीके से पार्टी से असंतोष जाहिर किया था। ऑडियो के मुताबिक, उन्होंने श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के कमलाडी महल क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता को फोन कर कांग्रेस के पक्ष के लिए वोट देने की बात कही।

ऑडियो वायरल हो जाने पर भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने पूर्व प्रत्याशी बलबीर के प्रति नाराजगी जाहिर की है। वायरल ऑडियो की खबर जब बलबीर चौहान तक पहुंची, तो उन्हें अपना बयान जारी करना पड़ा। बलबीर चौहान ने माना कि ऑडियो उनकी है। उन्होंने कहा कि यह ऑडियो टिकट कटने के बाद की है। मैं उस दौरान दिल्ली से वापस आ रहा था। टिकट न मिलने की वजह से गुस्से में था। मगर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप से बातचीत होने के बाद मैंने पार्टी का साथ देने की बात कही है।