संदिग्ध परिस्थितियों में मिला टैक्सी चालक का शव
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के मैक्लोडगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में एक टैक्सी चालक का शव मिला है। मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी जालंधर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार कुछ पर्यटकों को लेकर मैक्लोडगंज आया था।
इस दौरान जब पर्यटक घूमने निकल गए तो संदीप पार्किंग में गाड़ी में ही सोया रहा। वापिस जाते समय जब पर्यटकों ने उसे उठाने की कोशिश की तो संदीप नहीं उठा। जिसके बाद उन्होंने इस बाबत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदीप को मृत अवस्था में पाया।
जिसके बाद उन्होंने शव को कब्जे में लिया और उसके परिजनों को सूचित किया। परिजनों के धर्मशाला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। एएसपी बीर बहादुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।