सड़क पर पलटा डीजल और पेट्रोल से भरा टैंकर, परिचालक जख्मी
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। मामला जिला कांगड़ा के देहरा के रानीताल का है, यहां डीजल और पेट्रोल से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे में परिचालक को मामूली चोटें आई हैं। बता दें यह हादसा टैंकर का एक टायर फटने की वजह से पेश आया। टैंकर से काफी मात्रा में डीजल और पेट्रोल निकल गया था।
बता दें सड़क पर बहे हुए पेट्रोल-डीजल में आग न लगे, इसके लिए दमकल विभाग की गाड़ियों द्वारा पानी फैंका गया। जानकारी के मुताबिक, डीजल-पेट्रोल से भरा टैंकर नालागढ़ से शाहपुर जा रहा था कि रानीताल में टायर फटने से अचानक एक तीखे मोड़ पर पलट गया। गनीमत रही कि टैंकर की चपेट में और अन्य वाहन नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही हरिपुर और रानीताल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। बता दें टैंकर में 12 हजार लीटर तेल भरा था, जिसमें 6 हजार लीटर डीजल था और 6 हजार लीटर पैट्रोल भरा था। वहीं अंदेशा जताया जा रहा है कि टैंकर पलटने से 500 से 600 लीटर के करीब तेल बह गया। डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने मामले की पुष्टि की है।