Loading...

सिरमौर डोज बॉल संघ का गठन: विवेक शर्मा अध्यक्ष, दिनेश आर्य बने महासचिव

Shailesh Saini 13 Jul 2025 Edited 13 Jul Quick read

खेल को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल; राजेंद्र ठाकुर चेयरमैन नियुक्त

हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़:

खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिला सिरमौर डोज बॉल संघ का विधिवत गठन हो गया है। राजगढ़ में संपन्न हुए संघ के चुनावों में सर्वसम्मति से राजगढ़ के विवेक शर्मा को जिला अध्यक्ष चुना गया है, जबकि राजेंद्र ठाकुर को चेयरमैन पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल चौहान की अध्यक्षता में हुए इन चुनावों की जानकारी देते हुए प्रदेश महासचिव राम सिंह ने बताया कि नवगठित जिला सिरमौर डोज बॉल संघ में विक्रम ठाकुर और अजय चौहान उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे।

महासचिव का महत्वपूर्ण पद दिनेश आर्य को सौंपा गया है, वहीं कोषाध्यक्ष पद पर प्रदीप सूर्या की नियुक्ति हुई है। अनुज ठाकुर सहसचिव होंगे, जबकि अमन प्रकाश ठाकुर आयोजन सचिव के रूप में कार्य करेंगे।

नितिन भारद्वाज को प्रेस सचिव और रघुवीर सिंह को विधि सलाहकार नियुक्त किया गया है।नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विवेक शर्मा और चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर बताया कि जिला डोज बॉल संघ जल्द ही जिले भर में खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति करेगा, ताकि इस खेल को उचित पहचान मिल सके।

उन्होंने बताया कि मूलतः अमेरिका का यह प्रसिद्ध खेल भारत में भी कई वर्षों से खेला जा रहा है। उनका मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए इस खेल से जोड़ना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह खेल चोट आदि से बचाव करता है, जिसके कारण युवाओं में इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अमीचंद और डोज बॉल के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी संजय कुमार भी उपस्थित रहे। जिला संघ ने बताया कि कार्यकारिणी का विस्तार और जिले भर में खंड समितियों का गठन शीघ्र ही किया जाएगा।