स्वास्थ्य केंद्रों में फिर लगेगी कोरोना की बूस्टर डोज
HNN / शिमला
जिला शिमला में फिर स्वास्थ्य केंद्रों में लोगो को कोरोना की बूस्टर डोज लगाई जाएगी। स्वास्थ्य महकमे का दावा है कि बुधवार से शहर के स्वास्थ्य केंद्रों में यह डोज लगेगी। एक से दो दिनों के भीतर कोरोना वैक्सीन का स्टॉक शिमला पहुंच जाएगा। इसके बाद वैक्सीन का वितरण करके बाकी जगहों पर भी यह बूस्टर डोज लगवानी शुरू कर दी जाएंगी।
गौरतलब है कि राजधानी में कोरोना की वैक्सीन खत्म हो चुकी है। शहर के डीडीयू में वैक्सीनेशन केंद्र खुला रहता है, लेकिन टीकाकरण नहीं हो रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गोपाल बेरी ने बताया कि भारत सरकार के समक्ष वैक्सीन खत्म होने का मामला ध्यान में लाया गया है। दो दिनों में वैक्सीन का स्टॉक पहुंच जाएगा। इसके बाद पहले की तरह केंद्रों पर बूस्टर डोज लगाई जाएंगी।