हरिपुरधार के 12 बच्चों ने पास की सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा

By Shailesh Saini Published: 28 Feb 2026, 3:51 PM | Updated: 28 Feb 2026, 3:51 PM 0 min read

मां भगवती पब्लिक स्कूल के चार विद्यार्थियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

हरिपुरधार

हरिपुरधार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि इस वर्ष 12 बच्चों ने सैनिक स्कूलों की ऑल इंडिया स्तर की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से चार विद्यार्थी मां भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के हैं, जिन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

विद्यालय से कक्षा 9वीं के आरव ठाकुर तथा कक्षा 6वीं के अमीषा राणा, ईशान ठाकुर और कार्तिक राणा ने परीक्षा पास कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब तक इस स्कूल के 19 तथा पूरे हरिपुरधार क्षेत्र के 34 विद्यार्थी सैनिक स्कूलों में अध्ययनरत हैं।

वहीं क्षेत्र से लगभग 100 बच्चे जवाहर नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूल जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर चुके हैं।

परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अध्यापक राकेश ठाकुर और राजेश ठाकुर को दिया। दोनों शिक्षक सैनिक स्कूल, आरएमएस और स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट स्कॉलरशिप जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बच्चों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

वे स्कूल समय के बाद ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से निशुल्क कोचिंग प्रदान कर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं।

बताया गया कि इस वर्ष पास हुए 12 बच्चों में से 6 ने बीएलआर अकादमी से ऑनलाइन कोचिंग ली, जबकि 6 बच्चों ने ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से तैयारी की।
विद्यालय की प्रिंसिपल सविता वर्मा ने कहा कि सैनिक स्कूलों में प्रवेश से विद्यार्थियों के लिए भारतीय सेना में सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है।उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी।

Tags: