हिमाचल में युवक ने इस वजह से की थी 20 वर्षीय छात्रा की हत्या…..
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पुलिस थाना धर्मशाला के तहत नोरबूलिंगा में किराए के कमरे में रह रही लाहौल-स्पीति की छात्रा की हत्या एकतरफा प्यार में की गई थी। मामले में पकड़े गए लाहौल-स्पीति के दोनों आरोपियों में से एक युवक छात्रा से एकतरफा प्यार करता था, साथ ही आरोपी युवक नशे का भी आदी थी।
ऐसे में नशे में एकतरफा प्यार के चलते आरोपियों ने छात्रा काे शॉल से गला घोंट कर मौत के घाट उतारा था। इतना ही नहीं, पुलिस को भी मृतका के कमरे से सिगरेट के टुकड़े मिले हैं। यह भी सामने आ रहा है कि हत्या की रात छात्रा के कमरे में छात्रा सहित 4 अन्य युवक रुके थे। इनमें 2 युवक किसी बात पर बहसबाजी होने के बाद चले गए थे, जबकि 2 युवक वहीं रुके थे और छात्रा को गला घोंट कर मौत के घाट उतारा था।
गौरतलब है कि लाहौल-स्पीति की 20 वर्षीय छात्रा की मौत मामले में पुलिस ने लाहौल-स्पीति के ही 2 युवकों तेंजिन छुलडुम (21) और पदम दोरजे (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि छात्रा के साथ एकतरफा प्यार परवान न चढ़ा तो उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गई।