Loading...

हिमाचल में पंचायत चुनाव का ऐलान, 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

31,182 पदों पर चुनाव, आधी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित, आचार संहिता लागू

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों का शंखनाद हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान करवाने का ऐलान किया है। चुनाव के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है।

इस बार प्रदेश में कुल 31,182 पदों पर चुनाव होंगे, जिनमें से 15,656 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 7, 8 और 11 मई को नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी।

14 और 15 मई को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है और इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। पहला चरण 26 मई, दूसरा 28 मई और तीसरा 30 मई को आयोजित होगा।

ग्राम पंचायतों के प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे मतदान के तुरंत बाद पंचायत मुख्यालय पर ही घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।

इस चुनाव में एक खास बात यह भी है कि लाहौल-स्पीति के काजा खंड की ग्राम पंचायत लांगजा का कौमिक मतदान केंद्र प्रदेश का सबसे ऊंचा पोलिंग स्टेशन होगा, जो 4587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

मतदान के लिए पहचान पत्र को लेकर भी आयोग ने सुविधा दी है। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, तो आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड समेत 16 अन्य दस्तावेजों को पहचान के रूप में मान्यता दी गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।