Loading...

31 जुलाई आखिरी मौका: आधार-बैंक लिंक नहीं हुआ तो अटक सकती है छात्रवृत्ति

Shailesh Saini • 4 Hours Ago • 1 Min Read

उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को जारी किए सख्त निर्देश, पात्र विद्यार्थियों के खातों की 100% आधार सीडिंग सुनिश्चित करने के आदेश

हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला

हिमाचल प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। यदि 31 जुलाई तक उनके बैंक खाते आधार से लिंक (आधार सीडिंग) नहीं हुए, तो उनकी छात्रवृत्ति का भुगतान अटक सकता है। इसे लेकर उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता बासिंह द्वारा जारी आदेशों में सभी उपनिदेशकों, प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को 31 जुलाई तक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों की शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही लंबित छात्रवृत्ति मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप छात्रवृत्ति से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाना आवश्यक है। ऐसे में यदि आधार सीडिंग पूरी नहीं होने के कारण किसी पात्र विद्यार्थी की छात्रवृत्ति जारी नहीं हो पाती, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की तय की जाएगी।

जानकारी के अनुसार प्रदेश में अभी भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, जिसके चलते विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के हजारों मामले लंबित पड़े हैं। इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक तथा पीएम यशस्वी छात्रवृत्ति योजना के आवेदन शामिल हैं।

सबसे अधिक लंबित मामले शैक्षणिक सत्र 2025-26 से संबंधित हैं।निदेशालय ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से तत्काल संपर्क कर बैंक खातों की आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करवाएं, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी की छात्रवृत्ति भुगतान में देरी न हो। विभाग ने इस कार्य को अत्यंत आवश्यक श्रेणी में रखते हुए तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Topics: