8 वर्षीय बच्चे की सीढ़ियों से गिरकर हुई मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में तहसील रक्कड़ के अंतर्गत एक आठ वर्षीय बच्चे की सीढ़ियों से गिरने से मौत हो गई है। मृतक बच्चे की पहचान शिवांग पुत्र श्रवण कुमार निवासी सरड़ बम्मी (दोम) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है और शिवांग की माता गृहिणी है। श्रवण कुमार के दो बच्चे थे, इनमें शिवांग बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन है। शिवांग 18, 19 फरवरी को परिवार सहित अपने मामा के घर अंब टिल्ला में शादी समारोह में गया था।
इस दौरान मामा के घर सीढ़ियों से गिरने पर उसके सिर में चोट लग गई। जिसके बाद उसे उपचार के लिए ले ऊना अस्पताल ले जाया गया। लेकिन शिवांग की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं रक्कड़ पुलिस थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने खबर की पुष्टि की है।