Loading...

बैग-फ्री डे पर नशा मुक्ति से संस्कृति तक दिखाई दी नई सीख

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारग में बैग-फ्री डे के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सकारात्मक समाज का संदेश दिया।

राजगढ़

पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारग में मंगलवार को बैग-फ्री डे के अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें कक्षा आठवीं की छात्रा आंचल ने “नशा नाश की जड़ है” विषय पर प्रभावशाली भाषण देकर विद्यार्थियों से नशा मुक्त भारत अभियान का हिस्सा बनने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

बैग-फ्री डे के तहत विद्यालय की व्यावसायिक प्रशिक्षक गरिमा शर्मा ने विद्यार्थियों को हैप्पी हार्मोन्स के स्राव और मानसिक प्रसन्नता के उद्देश्य से संगीतमय व्यायाम कराया। इस गतिविधि में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रवक्ता माधुरी शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश और केरल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए पारंपरिक व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए। विद्यार्थियों ने व्यंजनों के इतिहास, उनकी विशेषताओं और सामाजिक महत्व की जानकारी भी उपस्थित लोगों के साथ साझा की, जिसे सभी ने सराहा।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि बैग-फ्री डे जैसी गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय शिक्षा तक सीमित न रखकर व्यवहारिक ज्ञान, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सांस्कृतिक समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जागरूक, संवेदनशील तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

Related Topics: