पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने डॉ. काकू राम ठाकुर को दी बधाई, बोले- उपलब्धि ने सिरमौर और हिमाचल का बढ़ाया मान
पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने डॉ. काकू राम ठाकुर को दी बधाई, बोले- उपलब्धि ने सिरमौर और हिमाचल का बढ़ाया मान।
शिलाई
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कोटा पाब गांव निवासी डॉ. काकू राम ठाकुर के दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर नियुक्त होने पर शिलाई के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. ठाकुर की यह उपलब्धि उनके वर्षों के संघर्ष, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
बलदेव तोमर ने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद तक पहुंचना न केवल डॉ. काकू राम ठाकुर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे हाटी क्षेत्र, जिला सिरमौर और हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. ठाकुर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर यह साबित किया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि डॉ. काकू राम ठाकुर की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए ऐसे उदाहरण नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
बलदेव तोमर ने डॉ. ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह अपनी विद्वता और अनुभव से शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।