Loading...

बालूगंज सड़क पांच महीने बाद छोटे वाहनों के लिए बहाल, स्थाई निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया

हिमाचलनाउ डेस्क • 10 Jan 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

शिमला विधानसभा से बालूगंज को जोड़ने वाली सड़क, जो पांच महीने पहले भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बह गई थी, अब छोटे वाहनों के लिए फिर से खोल दी गई है। यह अस्थाई राहत लोगों को देगी, जबकि स्थाई सड़क बनाने के लिए सरकार ने केंद्र सरकार को ₹6 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है।

शिमला के विधायक हरीश जनार्थानन ने बताया कि नगर निगम शिमला और लोक निर्माण विभाग ने मिलकर नई तकनीक का इस्तेमाल करते हुए इस सड़क को तैयार किया है। इस निर्माण में राफ्ट बीम का प्रयोग किया गया है, इसके ऊपर पाइलिंग और कॉलम्स खड़े करके सड़क को मजबूत किया गया है।

हालांकि, बड़े वाहनों के लिए इस सड़क का उपयोग अभी कुछ समय तक संभव नहीं हो पाएगा। विधायक ने इस परियोजना के लिए पीडब्ल्यूडी और म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के काम की सराहना करते हुए कहा कि यह सड़क मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं। इस परियोजना में पीडब्ल्यूडी द्वारा ₹95-96 लाख और म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा लगभग ₹6 लाख खर्च किए गए हैं। साथ ही, सड़क के साथ ड्रेनेज सिस्टम का भी निर्माण किया जा रहा है।