Category: SHRI RENUKA JI

  • 4 दिन रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार

    4 दिन रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार

    HNN/ श्री रेणुका जी

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार 9 फरवरी से 12 फरवरी 2024 तक रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष 9 फरवरी को प्रातः 11 बजे नौहराधार में जन समस्या सुनेंगे। इसके उपरांत दोपहर 1.20 बजे देवा मानल पटवार सर्कल के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत दोपहर बाद 2:30 बजे भराड़ी में पटवार सर्कल का उद्घाटन करेंगे।

    विधानसभा उपाध्यक्ष 10 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे वन विश्राम गृह बोगधार में जन समस्याएं सुनेंगे। इसके उपरांत सांय 3:00 बजे उठाऊ जलापूर्ति योजना, अरलू ग्राम पंचायत भाटन भूजोंड का उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत 4:30 बजे भाटन भूजोंड ग्राम पंचायत के मीटिंग हॉल का उदघाटन करेंगे।

    विनय कुमार 11 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे राजकीय उच्च विद्यालय, जरग के नए भवन का शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत राजकीय उच्च विद्यालय ज़रग के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

    विधानसभा उपाध्यक्ष 12 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे राजकीय उच्च विद्यालय खाला क्यार के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत राजकीय उच्च विद्यालय खाला क्यार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी प्रदान की है।

  • पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी- सुमित खिमटा

    पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी- सुमित खिमटा

    उपायुक्त ने श्री रेणुका जी में विश्व वेटलैंड दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि करी शिरकत

    HNN/श्री रेणुका जी

    उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग की वजह से सम्पूर्ण विश्व में मौसम में अत्यंत प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से हम देख रहे हैं कि आवश्यकता के अनुरूप बर्फबारी और बारिश सही प्रकार से नहीं हो पा रही है।

    उन्होंने कहा कि यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीरता पूर्वक कार्य करें ताकि प्रकृति का संतुलन बनाया रखा जा सके।

    उपायुक्त सिरमौर आज रेणुकाजी में विश्व वेटलैंड दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। सुमित खिमटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) वन विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से श्री रेणुका जी वेटलैंड में विश्व वेटलैंड दिवस का आयोजन किया गया जो कि सराहनीय प्रयास है।

    उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आर्द्रभूमि की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना और संरक्षण प्रयासों को बढ़ावा देना है। उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष विश्व वेटलैंड्स दिवस की थीम “वेटलैंड्स एंड ह्यूमन वेलबीइंग” रखी गई है।

    सुमित खिमटा ने कहा कि वेटलैंड दिवस के अवसर पर यहां नेचर गाइड आदि वर्ग में आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से जहां पर प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार के साधन प्राप्त होंगे, वहीं पर पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना भी इन प्रतिभागियों में विकसित होगी।

    उन्होंने कहा कि विश्व वेटलैंड दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में विद्यार्थियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूह तथा अन्य प्रतिभागियों ने वेटलैंड के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की है। उन्होंने इस अवसर पर महिला मंडल स्वयं, सहायता समूह और स्कूल के विधार्थियों के अलावा अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।

    इस अवसर पर तहसीलदार ददाहू राजेंद्र ठाकुर, रेणुका जी विकास बोर्ड के सीईओ रविंद्र गुप्ता, डीएफओ रेणुका जी परमिंदर सिंह, वाइल्डलाइफ के डीएफओ गुरु हर्ष सिंह, हिमकॉस्ट की पायल के अलावा वन तथा अन्य विभाग के अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • विनय कुमार ने बड़ग स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लिया भाग

    विनय कुमार ने बड़ग स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लिया भाग

    पशु औषधालय भवन और स्कूल भवन का किया उदघाटन

    HNN/ रेणुका जी

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न स्कूलों में गुणत्माक शिक्षा के साथ ही स्कूल के ढांचागत विकास को प्राथमिकता प्रदान की जा रही हैं। उन्होने कहा कि विद्यालयों को शिक्षा का मंदिर कहा जाता हैं इसलिए स्कूल आने वाले सभी विधार्थियो को स्वच्छ और समर्पण भावना से खूब मेहनत कर अपनी शिक्षा पूरी करनी चाहिए।

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बड़ग में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

    उन्होंने कहा कि विभिन्न स्कूलों में रिक्त पड़े पदों को चरण बध ढंग से भरने की प्रक्रिया प्रदेश सरकार ने आरम्भ कर दी हैं जिसके तहत बैच वाइज और सर्विस कमीशन के माध्यम से भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिरमौर सहित रेणुका जी क्षेत्र में भी अध्यापको के खाली पदों को भरा जायेगा।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में राजीव गाँधी डे बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं और रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में भी डे बोर्डिंग स्कूल खोला जायेगा। विनय कुमार ने कहा कि बड़ग में पशु औषधालय भवन का आज लोकार्पण हुआ हैं, इससे आस पास के पंचायतों के सैंकड़ो किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेती बाड़ी के साथ पशुपालन इस क्षेत्र के लोगों का प्रमुख व्यवसाय है।

    स्कूल भवन और पशु औषधालय भवन का उदघाटन
    विनय कुमार ने 12 लाख से निर्मित पशु औषधालय और 30 लाख से निर्मित स्कूल के अतिरिक्त भवन का उदघाटन भी किया। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बड़ग खड्ड पर पुल का निर्माण किया जायेगा।

    उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य को पिछली भाजपा सरकार ने लटका कर रखा। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र कैल की सड़क निर्माण की मांग को शीघ्र पूरा किया जायेगा उन्होंने कहा कि देवना सड़क निर्माण को सभी त्रुटियों को समाप्त कर सड़क निर्माण कार्य आरम्भ किया जायेगा।

    विनय कुमार ने कहा कि ऊँचा टिककर क्षेत्र की पेयजल की किल्लत को दूर किया जाएगा, जिसके लिए ग्रेविटी की 5 से 6 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

    उन्होंने कहा कि ऊंचा टिक्कर में सड़क निर्माण के लिए समुचित धनराशि प्रदान की जाएगी ताकि इस सड़क के निर्माण को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि बनोग से धनोई सड़क निर्माण कार्य को आरम्भ कर प्राथमिकता से पूरा किया जायेगा।

    विभिन्न महिला मंडलों द्वारा रखे गए भवन निर्माण संबंधी मांग को भी उन्होंने चरणबद्ध ढंग से पूरा करने का आश्वासन दिया। विनय कुमार ने स्कूल के परीक्षा भवन तथा अतिरिक्त कमरों के निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन हेतु 11 हजार स्कूल प्रबंधन को देने की घोषणा की है।

    होनहारों को बांटे पुरुस्कार
    इस अवसर पर विनय कुमार ने शैक्षणिक व अन्य खेल-कूद गतिविधियों में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाले होनहार विधार्थियो कों पुरस्कार वितरित किये। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार को स्कूल प्रबंधन की ओर से लोईया और टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।

    स्कूल के विधार्थियो ने इस अवसर पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। स्कूल के प्रधानाचार्य शशि पाल जरियाल ने इस अवसर पर स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी ओर स्कूल की विभिन्न मांगे भी रखी।

  • जनसमस्याओं के निपटारे में अत्यंत कारगर सिद्ध हो रहा “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम- विनय कुमार

    जनसमस्याओं के निपटारे में अत्यंत कारगर सिद्ध हो रहा “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम- विनय कुमार

    विनय कुमार ने श्री रेणुका जी क्षेत्र के कमलाड़ में आयोजित “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम की अध्यक्षता

    HNN/श्री रेणुका जी

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी एवं जन हितैषी योजना “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम जन समस्यायों के निपटारे में अत्यंत कारगर सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में इस कार्यक्रम का लाभ लोग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के कमलाड़ पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम का आज स्थानीय लोगों ने भरपूर लाभ उठाया है।

    विधानसभा उपाध्यक्ष आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के कमलाड़ पंचायत में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में हाल ही में आई आपदा से सरकारी और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से प्रदेश की सड़कें, पेयजल योजनाएं, स्वास्थ्य संस्थाएं, शिक्षण संस्थान और अन्य सरकारी योजनाओं को हुए नुकसान की स्वयं भरपाई की है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से किसी भी प्रकार का आर्थिक पैकेज राज्य को नहीं मिला है।

    उन्होंने कहा कि ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क के अपग्रेडशन पर 20 करोड़ की धनराशि व्यय की जाएगी जिससे क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस सड़क के अपग्रेडशन के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। उन्होंने कहा कि नाइनॉटी सड़क को विधायक प्राथमिकता में डालकर इसका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार गांव के द्वार कार्यकर्म में जितने भी पेयजल, सड़क, बिजली व अन्य जन समस्याएं प्राप्त हुए हैं, उनका समयबद्ध निपटारा करना सुनिश्चित बनाया जाये।

    उन्होंने कहा कि कमलाड़ सहित विभिन्न पंचायतों की लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान निकाला जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को बिजली की सही आपूर्ति हो सके। जिला प्रशासन की ओर से विनय कुमार को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने आज विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया।

    उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विनय कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय लोगों को विभिन्न विभागों की विकासात्मक योजनाओं की जानकारी हासिल हुई है।

    86 जनसमस्यायें और विकासत्मक मांगे प्राप्त

    सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अवसर पर पर आज 86 जन समस्याएं और विकासत्मक मांग प्राप्त हुए जिनमे से अधिकतर जनसमस्यायों का मौके पर निपटारा किया गया और शेष को निपटारे के लिए विभागों को भेजा गया।

    स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभाग ने जांचे 250 लोगों के स्वास्थ्य

    सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आज स्वास्थ्य विभाग ने 150 लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की जबकि आयुर्वेद विभाग ने 100 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इसी प्रकार पशुपालन विभाग ने 120 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कौशल विकास निगम द्वारा 80 लोगों को निशुल्क प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा 120 लोगों को विभाग की योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।

    60 लोगों के बने प्रमाण पत्र

    आज सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में 60 लोगों के विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए गए जिसमें हिमाचली बोनाफाइड, भूमि रिकॉर्ड, हिम केयर आदि प्रमाण पत्र शामिल है। इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

    इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल. आर. वर्मा, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, एसडीएम रजनेश कुमार, तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अभिषेक मित्तल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण अरविन्द शर्मा, मुख्य चिकत्सा अधिकारी डॉक्टर अजय पाठक, बीडीओ परमजीत, कांग्रेस खंड अध्यक्ष उपेंद्र चौहान, कांग्रेस सचिव मित्र सिंह तोमर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्यामा ठाकुर, कांग्रेस ओबीसी सेल के अध्यक्ष आशा शर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, कांग्रेस पदाधिकारी के अलावा लोक निर्माण, जल शक्ति, बिजली, बागवानी, क़ृषि स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य विभागों के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

  • रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर श्री रेणुका जी में निकली विशाल शोभा यात्रा

    रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर श्री रेणुका जी में निकली विशाल शोभा यात्रा

    HNN/श्री रेणुका जी

    प्रदेश के जाने माने धार्मिक स्थल श्री रेणुका जी तीर्थ के प्रवेश द्वार ददाहु में सोमवार को एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में भगवान श्री राम के उद्घोष से पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो उठा। यह विशाल रैली ददाहू मुख्य बाजार से होते हुए रेणुका जी तीर्थ की परिक्रमा कर वापस ददाहू पहुंची।

    अयोध्या में हुए रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर क्षेत्र भर के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। इस पावन अवसर पर जगह-जगह छबील लगाकर विभिन्न तरह के प्रसाद वितरित किए गए। जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

    दिन भर चले इस कार्यक्रम के पश्चात विभिन्न संगठनों द्वारा आतिशबाजी का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और 22 जनवरी के इस पावन अवसर को दीपावली की तरह मनाया। मंदिरों में भी इस दौरान भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

    संध्या के समय क्षेत्र भर के मंदिरों के साथ-साथ लोगों ने अपने घरों में भी दीपक जलाकर प्रभु राम का आवाहन किया। ददाहू अप्पर बाजार में रात्रि जागरण के साथ ही भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

  • कमलाड़ में कल सजेगा सरकार गांव के द्वार मंच, विनय कुमार सुनेंगे लोगों की समस्याएं

    कमलाड़ में कल सजेगा सरकार गांव के द्वार मंच, विनय कुमार सुनेंगे लोगों की समस्याएं

    HNN/ श्री रेणुका जी

    रेणुका विधानसभा क्षेत्र के कमलाड़ में 23 जनवरी को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार इस दौरान जन सुनवाई करेंगे। जिला का यह दूसरा कार्यक्रम होगा। पहला कार्यक्रम शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बकरास में आयोजित किया गया था।

    सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम एक बहुउद्देशीय कार्यक्रम है जिसमें लोगों को सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। जिला के विभिन्न विभागों द्वारा इस अवसर पर प्रदर्शनियां स्थापित की जाएगी जिनमें योजनाओं की जानकारी की सामग्री, पैम्फलेट्स व विभागों के माध्यम से प्रदान किए जाने वाले उपकरण व उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

    प्रदर्शनियों में संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आम जन मानस को विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं के बारे में प्रदर्शनी का भ्रमण करने वाले लोगों को विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ योजना का लाभ प्राप्त करने के बारे में भी बताया जाएगा।

    सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रचार सामग्री भी लोगों को वितरित की जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के संबोधन से पूर्व आम जन मानस की शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इसके लिय अतिरिक्त समय देने का प्रावधान किया गया है।

    सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में रेणुका विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता उपस्थित रहेगी। लोगों से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भाग लेकर निजी व सार्वजनिक समस्याओं का निराकरण घर द्वार के समीप करवाने के लिए जिला प्रशासन ने अपील की है।

  • सिरमौर में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी ऑल्टो कार, एक जख्मी

    सिरमौर में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी ऑल्टो कार, एक जख्मी

    HNN/ रेणुका जी

    जिला सिरमौर के ददाहू थाना क्षेत्र रेणुका जी के अंतर्गत बाईला के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति जख्मी हुआ है। घायल व्यक्ति की पहचान भराेग बनेरी निवासी मुकेश कुमार के तौर पर हुई है।

    बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार दून वैली स्कूल में अध्यापक है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक, मुकेश कुमार ऑल्टो कार में सवार होकर कहीं जा रहा था। इस दौरान बाईला के समीप ऑल्टो कार सड़क से करीब 30 से 35 फुट खाई में जा गिरी।

    हादसे में मुकेश गंभीर रूप से जख्मी हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायल को एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। हादसे की पुष्टि थाना प्रभारी जीत लाल मोहन ने की है।

  • गर्ल स्कूल ददाहू में वार्षिक समारोह के आयोजन के लिए बच्चों से लिए पैसे, अभिभावकों में रोष

    गर्ल स्कूल ददाहू में वार्षिक समारोह के आयोजन के लिए बच्चों से लिए पैसे, अभिभावकों में रोष

    अभिभावक बोले- गरीब बच्चों के ऊपर प्रेशर बनाकर मांगे गए पैसे

    HNN/ श्री रेणुका जी

    श्री रेणुका जी ददाहू गवर्नमेंट गर्ल हाई स्कूल में सालाना पारितोषिक वितरण समारोह विवादों में आ गया है। कई अभिभावकों का कहना है कि आयोजन के लिए बच्चों से 200 रुपए प्रति बच्चे के हिसाब से इकट्ठा किया गया।बच्चों के इन पैसों से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

    अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। कई गरीब बच्चे जो पैसे नहीं दे पाए वह इस फंक्शन में भी नहीं आए। कई अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों के ऊपर प्रेशर बनाकर पैसे मांगे गए थे। ऐसे में इस तरह के आयोजनों को लेकर बच्चों से पैसा जुटाना अनैतिक है।

    नाम न छापने की शर्त पर कई अभिभावकों ने बताया कि बच्चों को सूजी का हलवा दिया गया जबकि वीआईपी व अध्यापकों को गाजर का हलवा, मटर पनीर इत्यादि परोसा गया। ऐसे में शिक्षा के मंदिर में अध्यापकों द्वारा बच्चों के साथ भेदभाव करना कहां तक तर्कसंगत है यह स्कूल प्रशासन ही जाने।

    अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के पैसे पर मौज उड़ाना व वीआईपी को खुश करने के लिए किए गए इस कार्यक्रम की लोगों में काफी चर्चा है। गौरतलब है कि इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार को बुलाया गया था।

    लोगों का आरोप है कि अगर स्कूल के पास फंड नहीं था तो इस कार्यक्रम को साधारण तरीके से भी मनाया जा सकता था। उधर, इस बारे जब डिप्टी डायरेक्टर हायर करमचंद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्कूलों में बच्चों से इस तरह पैसा इकट्ठा किया जाना गलत है। अगर ऐसा हुआ है तो वह इसकी जांच करेंगे और जो भी इसके लिए दोषी है उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

  • विनय कुमार ने छछेती स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

    विनय कुमार ने छछेती स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

    विनय कुमार ने छछेती स्कूल के 45 लाख रूपए से निर्मित अतिरिक्त भवन का किया उद्घाटन

    HNN/श्री रेणुका जी

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत छछेती में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर अपने सबोधन में विनय कुमार ने कहा जितने भी वायदे हमारी सरकार ने लोगों से किये हैं उन्हें आने वाले समय में पूरा किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल ही में आई आपदा एवं त्रासदी के कारण हालांकि वायदो को पूरा करने में विलम्ब हुआ है किन्तु आने वाले समय में हम सभी वायदों को पूरा करेंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक सुख आश्रय योजना के तहत बेसहारा बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि बेसहारा बच्चों और दिव्यांग बच्चों को 27 साल की आयु पूर्ण होने तक निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारी वर्ग की लंबे समय से चली आ रही ओल्ड पेंशन की मांग को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन योजना बहाल करने से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और उनके परिजनों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्राप्त हुई है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी से निपटने के लिए जहां विभिन्न विभागों में नए पदों को भरा जा रहा है, वहीं पर स्टार्टअप योजना भी आरंभ की गई है, जिसमें पढ़े-लिखे युवा अपना स्वयं का कारोबार शुरू कर सकते हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि सिरमौर जिला के कई स्कूलों में अध्यापकों की कमी है।

    उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में सिंगल टीचर है अथवा जिन स्कूलों में अध्यापक नहीं है और एनरोलमेंट के आधार पर जहाँ बच्चे ज्यादा हैं वहां पर अध्यापकों को नियुक्त करने में प्राथमिकता दी जाएगी।

    पांवटा साहिब में होगी धारटी क्षेत्र की समीक्षा बैठक

    विनय कुमार ने कहा कि यहाँ के धारटी क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पाउँटा साहिब में शीघ्र ही अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की जाएगी, जिसमें लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

    परीक्षा हॉल के लिए एस्टीमेट बनाएगा लोक निर्माण विभाग

    विनय कुमार ने स्कूल की विभिन्न मांगों को आगामी समय में पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल के परीक्षा हॉल निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए ताकि इस कार्य को बजट प्रावधान के लिए सरकार के समक्ष रखा जा सके। उन्होंने वार्षिक समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी अध्यापकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी।

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छछेती के शैक्षणिक व अन्य खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी वितरित किए। स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने विद्यालय के भवन के उद्घाटन के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष का आभार जताया।

    इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने स्कूल के विद्यार्थियों को 11 हजार रूपए देने की घोषणा की। स्कूल प्रबंधन की ओर से विधानसभा उपाध्यक्ष को शॉल टोपी भेंट सम्मानित किया गया।

    45 लाख से निर्मित भवन का उदघाटन

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने 45 लाख रुपए की लागत से निर्मित विद्यालय के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन भी किया। इस अतिरिक्त भवन में 4 कमरों का निर्माण किया गया है।

    इस अवसर पर खंड कांग्रेस अध्यक्ष तपेन्दर चौहान, नायब तहसीलदार पौंटा साहिब फरीद मोहमद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दलीप तोमर, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत छछेती के प्रधान रमेश, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश, धारटी जोन की महिला अध्यक्ष रीता शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीन नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्यामा ठाकुर, मालगी पंचायत की प्रधान सीमा कपूर, पूर्व प्रधान प्रेमपाल सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य नीमा ठाकुर, ओबीसी अध्यक्ष मीरा देवी, धारटी धार जोन के अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धारटी धार जोन राम रतन चौहान, कांडो कांसर पंचायत प्रधान रामलाल के अतिरिक्त अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

  • श्री रेणुका जी के मायना बाग में बनेगा डॉ. प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम- विनय कुमार

    श्री रेणुका जी के मायना बाग में बनेगा डॉ. प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम- विनय कुमार

    HNN/श्री रेणुका जी

    श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के मायना बाग में एक करोड़ रुपए की लागत से डॉक्टर प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए विभिन्न प्रकार की खेल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा विनय कुमार ने यह जानकारी आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान थाना खेगवा में जन समस्याएं सुनते हुए दी।

    उन्होंने स्टेडियम निर्माण के लिए एक करोड़ रूपए की धनराशि मुहैया करवाने के लिए प्रदेश के लोक निर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आभार जताया है। विनय कुमार ने कहा कि आज सुनी गई समस्याओं में से अधिकतर मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया है, बाकी शेष को शीघ्र निपटारे के लिए सम्बंधित विभाग को भेजा जा रहा है।

    उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है जिसके तहत 8 जनवरी को हरिपुरधार से रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के लिए यह कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सरकार क़ी जन हितेषी योजनाओं और कार्यक्रमों की व्यापक जानकारी जनता को देने के साथ ही उनकी विभिन्न समस्याओं का समाधान मौके पर करने के प्रयास किये जायेंगे।

    विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मण्डलों ने भी आज विनय कुमार से भेंट कर अपनी समस्या से उन्हें अवगत करवाया। विनय कुमार ने प्रतिनिधि मण्डलों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि के अलावा क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।