Category: SHRI RENUKA JI

  • श्री रेणुका जी झील में डूबकर युवक की मौत, नहीं हुई शिनाख्त

    श्री रेणुका जी झील में डूबकर युवक की मौत, नहीं हुई शिनाख्त

    HNN/श्री रेणुका जी

    श्री रेणुकाजी झील में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 10 दिन के भीतर श्री रेणुका जी झील में डूबने का ये दूसरा मामला है। इससे पहले 8 मई को भी एक व्यक्ति का शव झील से बरामद किया गया था।

    जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर पुलिस को झील में किसी व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन काफी जद्दोजहद बाद भी डूबे व्यक्ति का कोई पता नहीं लग पाया।

    इसके बाद डीएसपी मुकेश डडवाल ने सेना के गोताखोरों से संपर्क किया और शाम 6:00 बजे के आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। आधे घंटे बाद सेना के जवानों को शव झील से बाहर निकालने में कामयाबी मिली।

    डीएसपी मुकेश डडवाल ने बताया कि श्री रेणुका जी में महिला स्नानघाट के समीप किसी व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी, जहां व्यक्ति के कपड़े व जूते बरामद हुए। सेना ने शव झील से बाहर निकाल लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव की शिनाख्त की जा रही है।

  • अक्षय तृतीया भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर तीर्थ श्री रेणुका जी में पहुंची देव पालकियां

    अक्षय तृतीया भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर तीर्थ श्री रेणुका जी में पहुंची देव पालकियां

    मंदिर परिसर में हवन यज्ञ में विस उपाध्यक्ष व अध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड विनय कुमार ने लिया हिस्सा

    HNN/श्री रेणुका जी

    अजर अमर भगवान विष्णु के छठे अवतार भृगुकुल नंदन भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बैसाख शुक्ल अक्षय तृतीया को जिला सिरमौर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। तीर्थ श्री रेणुका जी चूंकि भगवान परशुराम की जन्मस्थली है, लिहाजा यहां भगवान परशुराम का जन्मोत्सव रेणुका जी विकास बोर्ड, सन्त समाज, स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच तीन दिवसीय आयोजन के तहत मनाया जा रहा है।

    इस कड़ी में परशुराम जी जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर ददाहू तहसील परिसर से जामु कोटि से चांदी की सुस्सजित देव पालकी के अलावा कटाह शीतला से भगवान परशुराम की देव पालकियों की शोभायात्रा श्री रेणुकाजी के लिए पारंपरिक वाद्य यंत्रों, देवलुओं व भगवान परशुराम के जय जयकारों के बीच आगे बढ़ी।

    वहीं आज तीर्थ श्री रेणुकाजी के भगवान परशुराम प्राचीन देवठी परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमें विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष रेणुकाजी विकास बोर्ड विनय कुमार ने मुख्य तौर पर शिरकत कर पूर्णाहुति में भाग लिया।

    इससे पूर्व यहां रात्रि भजन संध्या का आयोजन हुआ। उपाध्यक्ष विस एवं चेयरमैन रेणुकाजी विकास बोर्ड ने कहा कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव को बोर्ड द्वारा आगामी समय में और भी विस्तार से मनाया जाएगा। साथ ही तीर्थ के विकास के लिए बोर्ड द्वारा प्रयास जारी रखे जाएंगे।

  • सेना के जवानों ने श्री रेणुका जी झील से निकाला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव

    सेना के जवानों ने श्री रेणुका जी झील से निकाला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव

    नहाने उतरा था या फिर आत्महत्या, दोनों एंगल से जांच कर रही पुलिस

    HNN/श्री रेणुका जी

    श्री रेणुका जी झील में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सेना के जवानों ने बुधवार शाम आधे घंटे बाद शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वीरवार को शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक की पहचान सिरत (बनाहां की सैर), तहसील पच्छाद निवासी 52 वर्षीय विश्वदेव के तौर पर हुई है।

    परिजनों ने पुलिस को बताया कि विश्वदेव गत मंगलवार को घर से बताए बगैर कहीं चला गया था। बुधवार को श्री रेणुका जी झील के परिक्रमा मार्ग के गेट नंबर एक के नजदीक उसके कपड़े और मोबाइल पड़े देखे गए।

    लिहाजा, प्रशासन ने व्यक्ति की तलाश को लेकर झील में सर्च ऑपरेशन के लिए नाहन से सेना के जवानों की मदद ली। शाम करीब 5:00 बजे विश्वदेव का शव झील से बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। संगड़ाह के डीएसपी मुकेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

    उन्होंने बताया कि आर्मी जवानों की मदद से झील से शव को निकाल लिया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने खुद छलांग लगाकर आत्महत्या की है या फिर वह नहाने के लिए झील में उतरा था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है

  • रेणुका जी क्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में महिलाएं निभा रही हैं सक्रिय भूमिका

    रेणुका जी क्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में महिलाएं निभा रही हैं सक्रिय भूमिका

    मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही महिलाएं

    HNN/नाहन

    श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में स्वीप गतिविधियों के तहत चलाये जा रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में महिलायें बढ़चढ़ कर उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रही हैं। इन कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों, आगंनवाड़ी केन्द्रों, आशा वर्ककरों, महिला मंडलों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के रूप में महिलायें उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।

    श्री रेणुका जी क्षेत्र में स्वीप की नोडल अधिकारी प्रो. पूनम शर्मा ने यह जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि रेणुका जी क्षेत्र में महिलायें जागरूकता अभियान का मुख्य हिस्सा बन कर कार्य कर रही हैं।
    मतदाता जारूगता अभियान के अन्तर्गत आज शनिवार को रेणुका जी के रणफुआ-जबड़ोग और अंधेरी पंचायतों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये।

    इससे पूर्व शुक्रवार को ग्राम पंचायत सताहन और सांगना में मतदाता जागरूक कार्यक्रम आयोजित हुये। नोडल अधिकारी प्रो. पूनम शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्रत के इस महापर्व में जागरूकता अभियान में महिलाओं का बहुत ही सराहनीय योगदान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलायें परिवार और समाज का आधार हैं और हमें विश्वास है कि जागरूकता कार्यक्रमों में आने वाली सभी महिलायें अपने परिवार, समाज और क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करेंगी।

    उन्होंने कहा कि रेणुका जी क्षेत्र में गत मार्च से लगातार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में जहां मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं पर पात्र नव मतदाताओं और छूटे हुए पात्र लोगों को अपने नाम मतदाता सूची में नामांकन से 10 दिन पूर्व तक दर्ज कराने के लिए भी कहा जा रहा है।

    प्रो. पूनम शर्मा ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर सुमित खिमटा और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संगडाह सुनील कुमार कायथ के मार्गदर्शन और स्वीप जिला नोडल अधिकारी अभिषेक मित्तल की देखरेख में रेणुका जी क्षेत्र में स्वीप गतिविधियां अत्यंत प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं।

    सहायक नोडल अधिकारी एवं खंड समन्वयक मीरा देवी ने इस अवसर पर बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा गत लोकसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से कम मतदान केन्द्र वाले मतदान केन्द्रों में सिरमौर जिला में कुल 24 मतदान केन्द्र चिन्हित किये गये हैं। जिनमें से 11 मतदान केन्द्र रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में पड़ते हैं।

    उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत इन सभी 11 मतदान केन्द्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी सघनता के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई, सेल्फी प्वाइंट में फोटो खिंचवाने के अलावा सिग्नेचर कैंपेन भी आयोजित किया गया।

    विभिन्न स्वंय सहायता समूहों की महिलायें, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि व महिला मंडल की सदस्य भी प्रमुखता से इस अवसर पर उपस्थित रहे।

  • श्री रेणुका जी पुलिस ने अफीम के 153 पौधे किए बरामद, मामला दर्ज

    श्री रेणुका जी पुलिस ने अफीम के 153 पौधे किए बरामद, मामला दर्ज

    HNN/ श्री रेणुका जी

    पुलिस थाना रेणुका जी की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान अफीम के 153 पौधे बरामद किए है। आरोपी की पहचान नईया राम निवासी गांव लठियाणा, जामूकोटी तहसील ददाहु, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूत्रों से सुचना प्राप्त हुई कि नईया राम ने अपने खेतों में अफीम की खेती कर रखी है।

    सूचना के अधार पर पुलिस थाना रेणुका जी की पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी और टीम ने खेतों में उगाए गए अफीम के कुल 153 पौधे बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

    पुलिस ने अफीम के पौधो से नमुना निकालने के बाद शेष सभी अफीम के पौधों को मौके पर ही आग लगाकर नष्ट कर दिया है। खबर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने की है।

  • निर्वाण जी की 29वीं पुण्यतिथि पर भक्तों ने किया श्रीमद् भागवत कथा का रसपान

    निर्वाण जी की 29वीं पुण्यतिथि पर भक्तों ने किया श्रीमद् भागवत कथा का रसपान

    रेनेंद्र मुनि जी बोले- जीवन रूपी नाव की पतवार होते हैं गुरु

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर की प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी श्री रेणुकाजी तीर्थ के निर्वाण आश्रम में चल रही श्रीमद् भागवत कथा का रविवार को विधिवत समापन हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान भी किया।

    श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्री रेणुका जी तपस्थली के महान तपस्वी निर्वाण गुरु ब्रह्मलीन श्री सुंदर मुनि जी महाराज की 29वीं पुण्यतिथि पर उनके परम शिष्य गद्दी आसिन रेनेंद्र मुनी जी महाराज व उनके भक्तों के द्वारा किया गया।

    यह आयोजन श्री रेणुका जी स्थित आदि उदासीन बड़ा अखाड़ा निर्वाण आश्रम में किया गया था। श्रीमद् भागवत कथा के दौरान श्री रेणुकाजी घाटी समेत इलाके की तमाम वादियां भक्तिमय हो उठीं थी।

    अंतिम दिन कथा व्यास मोहन चंद्र शास्त्री ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं, विवाह और सखा भक्ति (भगवान श्री कृष्ण और सुदामा, श्री कृष्ण और अर्जुन) का बखूबी वर्णन किया। उन्होंने सुदामा चरित्र का विस्तार से वृतांत सुनाया इसके साथ साथ कथा व्यास ने सर संक्षेप में श्रीमद भागवत कथा का निचोड़ और 24 गुरुओं के उपदेश के बाद कथा का विधिवत समापन किया।

    इससे पूर्व शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला व रुकमणी विवाह के प्रसंगों का वर्णन किया गया था। जिसमें श्रोता भगवान श्री कृष्ण के बाराती बन कर झूमने पर विवश भी हुए। कथा व्यास अचार्य मोहन चंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण व रुकमणी विवाह के प्रसंगों का मार्मिक वृत्तांत सुना कर श्रोताओं को भावविभोर किया।

    संगीतमयी इस भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ का श्रद्धालुओं ने जमकर रसपान किया। कथा का समापन के मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। 25 मार्च से चल रही कथा के दौरान हर दिन यहां भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें प्रतिदिन सैकड़ो की तादाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

    बता दें कि श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ का विचार गोविंद मुनि महाराज ने अपने गुरू सुंदर मुनि महाराज के श्री चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बनाया था। तब से हर साल श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। 2012 से महात्मा रेनेंद्र मुनि महाराज इस आश्रम में गद्दी पर विराज मान हैं।

    इस दौरान से आश्रम में इस कथा का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इस मौके पर श्री रेणुकाजी नगरी के गुरु भक्त रामेंद्र वालिया, रामरतन चंद्र मोहन बाबा, गोपाल गुरु राजू शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    बता दें कि भगवान परशुराम जी की माता और पिता की तपस्थली कहलाने वाली श्री रेणुका जी में निर्वाण जी यह आश्रम स्थित है। महान तपस्वी महात्मा सुंदर मुनि जी के चमत्कारों के किस्से आज भी भक्तों को अचंभित कर देते हैं।

    बताते हैं कि आश्रम में होने वाले विशाल भंडारे में एक बार तेल घी खत्म होने पर शिष्यों ने गुरु के आशीर्वाद से झील के पानी में ही पूरियां तल कर श्रद्धालुओं को खिलाई थी।

    आज भी ऐसे गुरु भक्त मौजूद है जिन्होंने महात्मा सुंदर मुनि जी को श्री रेणुका झील के पानी पर नंगे पांव चलते देखा था। मंदिर के प्रांगण में गुरु की जीवंत प्रतिमा और उनका धूना आज भी मौजूद है।

  • श्री रेणुका जी में घास काटते हुए गहरी खाई में गिरी महिला, मौके पर मौत

    श्री रेणुका जी में घास काटते हुए गहरी खाई में गिरी महिला, मौके पर मौत

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के उपमंडल श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव खेगुवा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक महिला घास काटते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला की मौत हो गई है।

    मृतका महिला की पहचान 38 वर्षीय विद्या देवी पत्नी भाग सिंह निवासी गांव ऊगर-कांडो तहसील संगडाह जिला सिरमौर के रूप में हुई हैं। वहीं महिला की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    जानकारी के मुताबिक, विद्या देवी साथ लगते गांव खेगुवा में घास काट रही थी। इस दौरान अचानक ही पांव फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उसकी मौत हो गई है। पुलिस के महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए ददाहु अस्पताल पहुंचाया है।

    उधर, जिला प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग ने मृतका के पति को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपए की सहायता राशि जारी की हैं। डीएसपी संगडाह मुकेश कुमार ने ढांक में गिरने से महिला की मौत की पुष्टि की हैं।

  • श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के नए सीईओ होंगे भरत सिंह

    श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के नए सीईओ होंगे भरत सिंह

    HNN/श्री रेणुका जी

    हिमाचल प्रदेश सरकार ने जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के सीईओ (चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर) के पद पर भरत सिंह की नियुक्ति की है। प्रदेश सरकार ने गत वर्ष अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले को को देखते हुए अस्थाई तौर पर सीईओ की नियुक्ति की थी।

    अब भरत सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी खाला क्यार पोस्टऑफिस जम्मू कोटी तहसील श्री रेणुका जी जिला सिरमौर को श्री रेणुका जी विकास बोर्ड का नया सीईओ नियुक्त किया है। जिसकी अधिसूचना सोमवार देर शाम को प्रदेश सरकार की और से जारी की गई।

    वही सोमवार दोपहर को श्री रेणुका जी के विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने की अधिसूचना भी जारी हुई थी। जिला सिरमौर के उपायुक्त को विकास उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

    जबकि इससे पहले जिला सिरमौर डीसी ही विकास बोर्ड के अध्यक्ष रहे हैं। वही प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के सीईओ, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों में फेर बदल होता रहता है।

  • रेणुका जी पुलिस ने नशीली दवाओं सहित गिरफ्तार किए 2 स्थानीय युवक

    रेणुका जी पुलिस ने नशीली दवाओं सहित गिरफ्तार किए 2 स्थानीय युवक

    HNN/श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के उपमंडल श्री रेणुका जी में पुलिस ने 2 स्थानीय युवकों को नशीली दवाओं और कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    आरोपियों की पहचान अरुण पुत्र जगदीश गांव बड़ोन उम्र 34 वर्ष व इंदर सिंह पुत्र सोहन सिंह उम्र 33 वर्ष गांव धारटारन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्कूटी पर सवार होकर नाहन से ददाहू आ रहे थे।

    इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रेणुकाजी-नाहन सड़क पर बायरी के समीप जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों कब्जे से 576 बरामद हुए। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने मामले के पुष्टि की है।

  • विनय कुमार ने हरिपुरधार में राज्य सहकारी बैंक शाखा के उद्घाटन समारोह में लिया भाग

    विनय कुमार ने हरिपुरधार में राज्य सहकारी बैंक शाखा के उद्घाटन समारोह में लिया भाग

    विनय कुमार ने हरिपुरधार व संगड़ाह में जनसमस्याएं भी सुनी

    HNN/श्री रेणुका जी

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में राज्य सहकारी बैंक की शाखा खोलने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुये कहा कि इस शाखा के खुलने से क्षेत्र के सैंकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बैंक की शाखा के खुलने से क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण लोगों को विभिन्न प्रकार की ऋण व अन्य योजनाओं की जानकारी हासिल होगी।

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार आज बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा शिमला से हि.प्र. राज्य सहकारी बैंक की शाखा के ऑनलाईन उद्घाटन अवसर पर रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार स्थित हि.प्र. राज्य सहकारी बैंक शाखा में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि यह हम सब के लिए हर्ष का विषय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कर कमलों से आज प्रदेश में हि.प्र. राज्य सहकारी बैंक की 22 शखाओं का शुभारंभ हुआ है, जिसमें हरिपुरधार की शाखा भी शामिल है।

    उन्होंने कहा कि हरिपुरधार क्षेत्र में कृषि, बागवानी और पशुपालन गतिविधियां क्षेत्र के लोगों के जीवन यापन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सहकारी बैंक की इस शाखा का लाभ उठाने से क्षेत्र के लोगों का सामाजिक और आर्थिक विकास सुनिश्चित होगा। सहकारी बैंक प्रबंधन द्वारा इस अवसर पर विनय कुमार को शॉल और टोपी भेंटकर सम्मानित किया गया।

    इससे पूर्व हरिपुरधार पहुंचने पर विधानसभा उपाध्यक्ष का पारम्परिक वाद्य यंत्रों तथा फूल मालाओं से क्षेत्र के लोगों ने भव्य स्वागत किया गया। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने अपने प्रवास के दौरान हरिपुधार और संगडाह में जन समस्यायें भी सुनी। डीएम सहकारी बैंक प्रिय दर्शन पांडे ने इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष का स्वागत किया।

    उन्होंने हरिपुरधार में बैंक की शाखा खोलने के लिए मुख्यमंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार के अथक प्रयासों से यह शाखा खुली है जिसका क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा। निदेशक सहकारी बैंक भारत भूषण मोहिल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बैंक शाखा खोलने के लिए मुख्यमंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष का आभार जताया।

    उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष से आने वाले समय में भुवाई, कोरग तथा बिरला में राज्य सहकारी बैंक की विस्तार शाखा खोलने का आग्रह भी किया। रेणुका कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान ने इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सुक्खू का हरिपुरधार में शाखा खेलने के आभार करते हुए क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में बैंक में खाते खोलने की अपील की।

    जिला उपाध्यक्ष दलीप चौहान, कांग्रेस महासचिव मित्र सिंह तोमर, जिला उपाध्यक्ष अशोक चौहान, हरिपुरधार जोन अध्यक्ष अनिल शर्मा, प्रदेश युवा सचिव ओपी ठाकुर, नौहराधार जोन अध्यक्ष सोहन सिंह नेगी, ओबीसी अध्यक्ष जगत भारद्वाज, एसडीएम सुनील कुमार, कोआपरेटिव बैंक के मैनेजर लाजेन्द्र और सुनील भारद्वात व क्षेत्र के अन्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।