Category: KANGRA

  • पंचायत स्तर पर ‘एंटी-चिट्टा’ अभियान होगा और तेज: उपायुक्त हेमराज बैरवा

    पंचायत स्तर पर ‘एंटी-चिट्टा’ अभियान होगा और तेज: उपायुक्त हेमराज बैरवा

    देहरा नशा निवारण समितियों को दिए गए निगरानी के सख्त निर्देश; पुलिस थाना देहरा का भी किया निरीक्षण

    ​देहरा( कांगड़ा):

    जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को अब पंचायत स्तर पर और अधिक गति और स्पष्ट दिशा मिलेगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आज देहरा में नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला से ‘चिट्टा’ सहित सभी मादक पदार्थों को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रभावी और सामूहिक प्रयास करने होंगे।​

    संवेदनशील पंचायतों पर सख्त निगरानी​

    उपायुक्त ने देहरा पुलिस जिला की सात अत्यधिक संवेदनशील पंचायतों में नशे की गतिविधियों पर नियमित और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इन पंचायतों में पहले ही नशा निवारण समितियों का गठन किया जा चुका है, और इन समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रत्येक समिति से जमीनी स्तर पर प्रयासों की समीक्षा के लिए नियमित रूप से नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठकें आयोजित करने को भी कहा।​

    पुरस्कार योजना और पुनर्वास पर जोर​

    उपायुक्त हेमराज बैरवा ने युवाओं, अभिभावकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और महिला मंडलों से नशा मुक्त प्रदेश बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

    उन्होंने जानकारी दी कि आमजन में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक माहौल तैयार करने के लिए आने वाले समय में एंटी-चिट्टा वॉकथॉन का आयोजन सब-डिवीजन स्तर पर भी किया जाएगा।

    ​उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त प्रवर्तन के साथ-साथ नशे से पीड़ित व्यक्तियों की काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास तंत्र को भी सुदृढ़ कर रही है। स्कूलों और कॉलेजों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब और साथी शिक्षा कार्यक्रमों को भी सक्रिय बनाया गया है।​

    चिट्टा सूचना इनाम योजना

    ​उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार एंटी-चिट्टा अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से प्रदेश में जल्द ही चिट्टा सूचना इनाम योजना आरंभ करने जा रही है। इस योजना के तहत चिट्टा संबंधी सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।

    उन्होंने नागरिकों से 112 नंबर पर कॉल करके या नजदीकी पुलिस थाना में निर्भीक होकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।​उपायुक्त ने बैठक से पूर्व पुलिस थाना देहरा का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के आवश्यक निर्देश दिए।​

    इस अवसर पर देहरा के पुलिस अधीक्षक मयंक चैधरी, एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह, एसडीएम ज्वालामुखी डाॅ. संजीव शर्मा, खंड विकास अधिकारी प्रागपुर अशोक कुमार, तहसीलदार खुंडिया अंशु चंदेल और नशा निवारण समिति के सदस्यों सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • ज्वालामुखी की वंशिका गोस्वामी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग में सिल्वर जीता

    ज्वालामुखी की वंशिका गोस्वामी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग में सिल्वर जीता

    ज्वालामुखी उपमंडल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी वंशिका गोस्वामी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। राजस्थान के भारतगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने फाइनल तक शानदार मुकाबले करते हुए क्षेत्र का मान बढ़ाया।

    ज्वालामुखी/कांगड़ा

    प्रतिभा का प्रदर्शन, रजत पदक से नवाजी गई वंशिका
    राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी की छात्रा वंशिका गोस्वामी ने बॉक्सिंग रिंग में दमदार प्रदर्शन करते हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

    परिवार ने व्यक्त की खुशी, पिता ने कहा— बेटी ने बढ़ाया मान
    वंशिका के पिता शशि गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में कड़ी चुनौती के बीच वंशिका ने फाइनल तक पहुंचकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

    राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले भी जीत चुकी कई खिताब
    वंशिका इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए स्थानीय विधायक संजय रतन ने उन्हें पूर्व में सम्मानित किया था तथा मुख्यमंत्री से विशेष सम्मान दिलवाने का आश्वासन भी दिया था।

    विधायक ने दी बधाई, प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की उठी मांग
    वंशिका की उपलब्धि पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने परिवार को बधाई दी और उनकी लगन की सराहना की। वहीं स्थानीय लोगों ने सरकार से आग्रह किया कि इस प्रतिभावान खिलाड़ी को उचित सम्मान और सहयोग प्रदान किया जाए ताकि वह भविष्य में और भी ऊंचाइयां छू सके।

  • धर्मशाला में महा वॉकथॉन, चिट्टा तस्करों की सूचना पर 10 हजार से 5 लाख तक इनाम

    धर्मशाला में महा वॉकथॉन, चिट्टा तस्करों की सूचना पर 10 हजार से 5 लाख तक इनाम

    धर्मशाला में नशा विरोधी संदेश के साथ हजारों लोग महा वॉकथॉन में शामिल हुए। चिट्टा मुक्त हिमाचल के लिए जनआंदोलन को मजबूत करते हुए कार्यक्रम ने राज्य में नई उम्मीद और कठोर कार्रवाई का संकेत दिया।

    धर्मशाला, कांगड़ा

    नशा मुक्त हिमाचल की दिशा में बड़ा कदम
    धर्मशाला में सोमवार को चिट्टा और नशे के खिलाफ विशाल महा वॉकथॉन आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक समुदाय की बड़ी भागीदारी रही। जनसमूह ने एक स्वर में नशा मुक्त समाज की प्रतिज्ञा लेते हुए राज्य में बढ़ते नशे के खिलाफ मजबूत जन समर्थन का संदेश दिया।

    मुख्यमंत्री की अपील और इनाम की घोषणा
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नशा विरोधी अभियान को व्यापक जन सहयोग के साथ आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने चिट्टा तस्करों की जानकारी देने वालों को 10 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक इनाम देने की घोषणा की, जिससे नशा तस्करी के खिलाफ सूचनाएं गोपनीय रूप से सामने आने की उम्मीद है। वहीं, सीएम ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को स्वस्थ रखने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया।

    वॉकथॉन में जनसैलाब और युवा जोश
    इस महा वॉकथॉन में सैकड़ों स्कूली और कॉलेज छात्र, महिला मंडल, युवा क्लब, स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यापारी संगठन और आम नागरिक शामिल हुए। शहर की सड़कों पर यह संदेश स्पष्ट दिखा कि हिमाचल नशे से समझौता नहीं करेगा और जनभागीदारी के साथ चिट्टा मुक्त राज्य बनाने का लक्ष्य मजबूत होता जा रहा है।

  • कांगड़ा के पुराना मटौर में भीषण हादसा, तेज रफ्तार बाइक बस से टकराई और सेना के जवान की मौत

    कांगड़ा के पुराना मटौर में भीषण हादसा, तेज रफ्तार बाइक बस से टकराई और सेना के जवान की मौत

    आज दोपहर पुराना मटौर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक बस से टकरा गई और बाइक के दो टुकड़े हो गए। घटना में सेना का जवान घायलावस्था में टांडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    कांगड़ा

    बाइक बस से भिड़ी — सड़क पर अफरा-तफरी, बाइक दो हिस्सों में टूटी
    पुराना मटौर में वीरवार दोपहर तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक एक निजी बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक लगभग 20 फुट दूर उछलकर गिर गई और क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

    सेना जवान सन्नी की मौत, छुट्टी पर घर आया हुआ था
    बाइक चालक की पहचान सन्नी (28) पुत्र चैन सिंह निवासी चननी (भाली, तहसील ज्वाली) के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में तैनात था। छुट्टी पर घर आया सन्नी हादसे में गंभीर घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    बस में 17 यात्री — 8 घायल, उपचार के लिए टांडा रेफर
    हादसे के दौरान बस में कुल 17 यात्री सवार थे जिनमें से 8 लोग घायल हुए। सभी को उपचार हेतु डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा भेजा गया। पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।

    पुलिस ने बस व बाइक हटाकर यातायात बहाल किया
    सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क किनारे किया। कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, बाद में मार्ग सामान्य कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

  • अनुराग ठाकुर ने विंग कमांडर नमांश सयाल को दी श्रद्धांजलि, शहीद के घर पहुंचे और परिजनों से की भेंट

    अनुराग ठाकुर ने विंग कमांडर नमांश सयाल को दी श्रद्धांजलि, शहीद के घर पहुंचे और परिजनों से की भेंट

    विंग कमांडर नमांश सयाल की शहादत पर देश शोकाकुल है और हिमाचल ने अपना एक वीर, कर्तव्यनिष्ठ व निर्भीक सपूत खो दिया। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शहीद के पैतृक निवास पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नमांश सयाल ने राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे देश कभी भूल नहीं सकेगा।

    कांगड़ा

    पैतृक घर पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात
    अनुराग ठाकुर ने परिवार से बातचीत कर ढांढस बंधाया और कहा कि देश नमांश जैसे वीर वायुसेना अधिकारी का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने परिजनों के दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प जताया और कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान व सहयोग सरकार की पहली जिम्मेदारी है।

    शौर्य, समर्पण और देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण
    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विंग कमांडर नमांश सयाल की वीरता, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि नमांश ने फाइटर पायलट के रूप में राष्ट्र की रक्षा में जो योगदान दिया, वह हमेशा भारतीय वायुसेना और देश के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा।

    देश ने एक साहसी अधिकारी खोया — अपूरणीय क्षति
    अनुराग ठाकुर ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नमांश सयाल का जाना सिर्फ एक परिवार की हानि नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का नुकसान है। देश उनके बलिदान को सिर झुकाकर नमन करता है और गर्व के साथ उन्हें याद रखेगा।

  • विंग कमांडर नमांश स्याल की पार्थिव देह कांगड़ा लाई जा रही है , पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा

    विंग कमांडर नमांश स्याल की पार्थिव देह कांगड़ा लाई जा रही है , पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा

    शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल की पार्थिव देह विशेष विमान से कांगड़ा लाई जा रही है। परिवार और ग्रामीण दोपहर बाद पैतृक गांव में सैन्य सम्मान से होने वाले अंतिम संस्कार की तैयारी में हैं।

    कांगड़ा

    सैन्य सम्मान के साथ अंतिम यात्रा की तैयारी
    शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान तेजस विमान हादसे में विंग कमांडर नमांश स्याल शहीद हो गए थे। रविवार दोपहर करीब एक बजे उनकी पार्थिव देह एयरफोर्स के विशेष विमान से गगल एयरपोर्ट लाई जाएगी, जहां से उसे पैतृक गांव पटियालकड़ ले जाया जाएगा। मोक्षधाम में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के अनुसार पार्थिव देह दोपहर करीब दो बजे गांव पहुंचेगी।

    परिवार के साथ दुःख में डूबा पूरा क्षेत्र
    नमांश स्याल की चिता को मुखाग्नि उनके चचेरे भाई देंगे क्योंकि उनका कोई सगा भाई नहीं है। उनकी पत्नी अफशां, जो एयरफोर्स में पायलट हैं, भी पार्थिव देह के साथ कांगड़ा पहुंचेंगी। सात वर्षीय बेटी की देखभाल के लिए उनके माता-पिता सैलूर में रह रहे थे और अब वे भी देह के साथ पहुंच रहे हैं। परिवारिक सदस्यों ने बताया कि नमांश ताया-तायी का विशेष प्रिय थे और उनके निधन से पूरा परिवार टूट गया है।

    “राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति”
    ताया जोगिंद्र स्याल ने कहा कि यह केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि पार्थिव देह को कोयंबटूर से विशेष विमान में रवाना किया गया था। गांव में सुबह से सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है और माहौल पूरी तरह गमगीन है।

  • दुबई एयर शो में तेजस क्रैश: हिमाचल के जांबाज पायलट नमन सियाल शहीद, नगरोटा बगवां में शोक की लहर

    दुबई एयर शो में तेजस क्रैश: हिमाचल के जांबाज पायलट नमन सियाल शहीद, नगरोटा बगवां में शोक की लहर

    35 वर्षीय पायलट का सर्वोच्च बलिदान, पूरे पटियालकर गांव में गहरा मातम

    नगरोटा बगवां (हिमाचल प्रदेश)।

    भारतीय वायु सेना के एक जांबाज पायलट, नमन सियाल (35) दुबई एयर शो में एक प्रदर्शन उड़ान के दौरान LCA तेजस लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से शहीद हो गए हैं। इस अत्यंत दुखद खबर से उनके पैतृक निवास, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित नगरोटा बगवां के पटियालकर गांव में गहरा शोक छा गया है।

    ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा दुबई एयर शो के दौरान हुआ, जब पायलट नमन सियाल भारतीय वायु सेना के स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस का संचालन कर रहे थे। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय मंच पर हुए इस हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है।

    ​शहीद पायलट नमन सियाल नगरोटा बगवां के पटियालकर गांव निवासी श्री जगन्नाथ सियाल के होनहार पुत्र थे। नमन की शहादत की खबर मिलते ही समूचे पटियालकर गांव और नगरोटा बगवां क्षेत्र में मातम पसर गया है।

    उनके निवास पर परिजनों को सांत्वना देने के लिए स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिकारियों का तांता लगना शुरू हो गया है। स्थानीय निवासियों ने नमन को एक असाधारण प्रतिभा और साहस वाला अधिकारी बताया, जिनके सर्वोच्च बलिदान पर देश हमेशा गर्व करेगा।

    ​नमन सियाल भारतीय वायु सेना में एक अत्यंत कुशल पायलट थे। दुबई एयर शो जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उनका प्रतिनिधित्व करना हिमाचल प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात थी।

    भारतीय वायु सेना (IAF) द्वारा शहीद पायलट के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका राष्ट्र के प्रति किया गया सर्वोच्च बलिदान अविस्मरणीय है।

  • देहरा ज्वालामुखी सड़क पर महिला से सात ग्राम चिट्टा बरामद, पूछताछ में सामने आया बेटे की नशे की लत का मामला

    देहरा ज्वालामुखी सड़क पर महिला से सात ग्राम चिट्टा बरामद, पूछताछ में सामने आया बेटे की नशे की लत का मामला

    देहरा ज्वालामुखी सड़क पर पुलिस ने एक महिला को सात ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह नशा अपने बेटे के लिए जालंधर से खरीदकर लाई थी।

    देहरा

    नाकाबंदी के दौरान महिला पकड़ी गई
    देहरा पुलिस टीम तलाई कुरु के पास नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक महिला को रोका गया और तलाशी में उसके कब्जे से सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

    महिला जालंधर की मूल निवासी, कई वर्षों से ज्वालामुखी में रह रही थी
    पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से जालंधर की रहने वाली है और काफी समय से अपने परिवार के साथ ज्वालामुखी क्षेत्र में रह रही है। बरामद नशे को लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की गई।

    पूछताछ में बेटे की लत की जानकारी मिली
    महिला ने बताया कि उसका बेटा चिट्टे का आदी हो चुका है। उसकी लत पूरी करने के लिए वह जालंधर से करीब दस हजार रुपये का चिट्टा खरीदकर लाई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला केवल बेटे के लिए नशा ला रही थी या किसी नेटवर्क से भी जुड़ी है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
    देहरा पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच में सप्लाई चैन और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।

    उटलैहड़िया में छापामारी, दो आरोपी गिरफ्तार
    इसी बीच उटलैहड़िया गांव में पुलिस ने छापामारी कर 9.42 ग्राम चिट्टा और साठ हजार रुपये नकदी बरामद की है। पुलिस ने वीरो देवी और उसके बेटे नामवीर को गिरफ्तार किया है। दोनों लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं और उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

  • कांगड़ा के मठोली में अनियंत्रित कार पोल से टकराई, एक युवक की मौत और तीन गंभीर घायल

    कांगड़ा के मठोली में अनियंत्रित कार पोल से टकराई, एक युवक की मौत और तीन गंभीर घायल

    कांगड़ा जिला के नूरपुर थाना क्षेत्र में जसूर–तलवाड़ा राजमार्ग पर देर रात एक कार के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    कांगड़ा

    तेज रफ्तार में कार अनियंत्रित होकर पोल से टकराई
    देर रात हुई इस दुर्घटना में चार युवक स्विफ्ट कार में जसूर की ओर जा रहे थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक विवेक चौधरी (28), निवासी जगीर (फतेहपुर), तेज और लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार मठोली के पास सड़क किनारे लगे पोल से टकराई, जिससे विवेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    तीन युवक गंभीर घायल, पुलिस जांच जारी
    हादसे में घायल युवकों की पहचान अमन (26), अजय कुमार और ललित चौधरी (फतेहपुर) के रूप में हुई है। तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डीएसपी नूरपुर चंद्र पाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

  • कांगड़ा में पुलिस ने 100 ग्राम से अधिक हैरोइन बरामद की, दो युवक हिरासत में एक नाबालिग

    कांगड़ा में पुलिस ने 100 ग्राम से अधिक हैरोइन बरामद की, दो युवक हिरासत में एक नाबालिग

    कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सीआईए टीम ने देर रात गश्त के दौरान 100 ग्राम से अधिक हैरोइन (चिट्टा) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक नाबालिग है।

    कांगड़ा

    गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, 101.91 ग्राम हैरोइन बरामद
    डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस को रात करीब 1 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग मोटरसाइकिल पर चिट्टे की बड़ी खेप लेकर समेला स्थित रेन शैल्टर के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल (नंबर PB 08EZ-8530) की तलाशी ली। जांच के दौरान सीट के नीचे रखे पारदर्शी लिफाफे से 101.91 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।

    एक आरोपी लुधियाना का निवासी, दूसरा नाबालिग
    पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (24) पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी लुधियाना, पंजाब (हाल निवासी मोहाली) के रूप में हुई है, जबकि दूसरा नाबालिग है। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। पुलिस की यह पिछले एक महीने में नशे के खिलाफ छठी बड़ी कार्रवाई है, जिससे नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।