Category: SOLAN

  • गाड़ी में सवार दो सगे भाइयों सहित 3 युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

    गाड़ी में सवार दो सगे भाइयों सहित 3 युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

    HNN/ सोलन

    जिला की एसआईयू टीम ने नाकाबंदी के दौरान गाड़ी में सवार दो भाइयों सहित तीन युवकों से नशे की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस ने शिमला जिला के रोहड़ू निवासी दो सगे भाइयों अंकित और आशीष तथा सोलन निवासी सोहेल खान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

    जानकारी अनुसार, सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने शहर के दोहरी दीवार में नाकाबंदी के दौरान धर्मपुर की ओर से आ रही एक गाड़ी को जाँच के लिए रुकवाया जिसमें 3 युवक सवार थे। इस दौरान जब तीनों से पूछताछ की गई तो उनकी गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। लिहाज़ा जब शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली गई 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

    उधर, एसपी वीरेंद्र शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शहर के दोहरी दीवार में पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान गाड़ी से चिट्टा बरामद हुआ जिसके साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत चप्पे-चप्पे पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई है और वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।

  • सामान्य पर्यवेक्षक मिन्हाज आलम ने विधानसभा क्षेत्रों का किया निरीक्षण

    सामान्य पर्यवेक्षक मिन्हाज आलम ने विधानसभा क्षेत्रों का किया निरीक्षण

    HNN/ सोलन

    सामान्य पर्यवेक्षक मिन्हाज आलम ने क्षेत्र में चुनाव के सुचारू, स्वतंत्र और निष्पक्ष संचालन के लिए 53-सोलन व 54-कसौली विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान स्ट्रांग रूम व मतगणना केन्द्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आगामी चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों पर संतुष्टि जताई।

    इसके उपरांत, मिन्हाज आलम ने सोलन व कसौली विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारों द्वारा भरे गए नामांकन पत्रों की अधिकारियों द्वारा जांच कार्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि वे अधिकारियों द्वारा किए जा रहे चुनाव के कार्य से आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि चुनाव से सम्बन्धित सभी कार्य पारदर्शिता पूर्वक किए जा रहे है।

  • नामांकन पत्रों की हुई जांच, 6 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द

    नामांकन पत्रों की हुई जांच, 6 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द

    HNN/ सोलन

    विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्रों की वीरवार को जांच की गई। जिसमें 50 अर्की विधानसभा क्षेत्र से तीन, 52 दून विधान सभा क्षेत्र से एक तथा 51 नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के उपरांत रद्द किए गए।

    53 सोलन विधान सभा क्षेत्र व 54 कसौली विधान सभा क्षेत्र के सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। अब उम्मीदवार 29 अक्तूबर 3 बजे तक नाम वापिस ले सकते हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कृतिका कुल्हारी ने दी।

    उन्होंने कहा कि नामांकन दाखिल करने की अवधि के दौरान जिला में कुल 46 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किये थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की गई जिसमें 40 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं।

    इसके अलावा 6 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिये गये हैं। नामांकन पत्रों की जांच में प्रत्याशियों के शपथ पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।

  • हिमाचल में फिर 23 वर्षीय युवक की हत्या, बुधवार रात से था लापता

    हिमाचल में फिर 23 वर्षीय युवक की हत्या, बुधवार रात से था लापता

    HNN / सोलन

    हिमाचल प्रदेश में दिन-प्रतिदिन हत्या के मामले बढ़ते ही जा रहे है। वीरवार को जिला सोलन के बद्दी की थाना पंचायत में एक 23 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय हरभजन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह गांव डोरियां के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बद्दी एएसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

    जानकारी के अनुसार युवक बुधवार शाम 9:00 बजे बाइक पर घर से निकला लेकिन वापिस नही लौटा। सुबह परिजनों ने बद्दी थाने में इसकी सूचना दी। वीरवार दोपहर को युवक के चाचा बलविंदर सिंह ने हरभजन का शव औद्योगिक क्षेत्र दबनी के डोडूवाल चौक के समीप झाड़ियों में देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पूरे शरीर पर धारदार हथियार के जख्म थे। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

    पुलिस को शक है कि प्रेम प्रसंग के चलते किसी ने रंजिश में युवक को मौत के घाट उतारा है। उधर, एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने मौके का दौरा किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेज दिया। आज मृतक का पोस्टमार्टम होगा।

  • क्षेत्र में मात्र 15 फीसदी लोगों ने ही थानों में जमा करवाए अपने हथियार, डीएसपी बोले…

    क्षेत्र में मात्र 15 फीसदी लोगों ने ही थानों में जमा करवाए अपने हथियार, डीएसपी बोले…

    HNN / सोलन

    हिमाचल प्रदेश में आचार संहिता के चलते सभी लोगों को उनके पास मौजूद रजिस्टर्ड हथियार जमा करवाने के आदेश जारी किए गए हैं। लेकिन उसके बावजूद भी लोग लाइसेंसी हथियार जमा नहीं करवा रहे हैं। बता दें कि जिला सोलन के परवाणू क्षेत्र में अभी तक केवल 9 लोगों ने ही अपने हथियार पुलिस थाने में जमा करवाए हुए हैं।

    जानकारी के अनुसार परवाणू थाना के अधीन टकसाल पंचायत, जंगेशू, मसूलखाना, खडीन, बनासर और भोजनगर पंचायतों का एरिया पड़ता है। परवाणू थाना के अधीन पड़ने वाले क्षेत्रों में लगभग 230 लाइसेंसी हथियार दर्ज है जिसमें अभी तक थाने में मात्र नौ हथियार ही जमा हुए हैं।

    उधर, परवाणू डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि प्रदेश में आचार संहिता के चलते बुधवार को परवाणू, धर्मपुर और कसौली थानों में हथियार जमा न होने को लेकर समीक्षा बैठक की गई। तीनों थानों में अभी तक 15 प्रतिशत लोगों ने ही हथियार जमा करवाए हैं। उन्होंने लोगों को जल्द से जल्द हथियार जमा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो हथियार जमा नहीं करवाता है, उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

  • हिमाचल: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां आएंगे पीएम मोदी, भरेंगे चुनावी हुंकार

    हिमाचल: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां आएंगे पीएम मोदी, भरेंगे चुनावी हुंकार

    HNN / सोलन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर हिमाचल दौरे पर आ रहे है। वह इस बार सोलन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका दौरा लगभग तय हो चुका है। वह 5 नवंबर को ठोडो मैदान में शिमला लोकसभा क्षेत्र के सोलन, शिमला और सिरमौर के सभी 17 विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के पक्ष में दोपहर के समय जनसभा करेंगे।

    गौरतलब है कि इससे पहले भी मोदी निचले हिमाचल में रैलियां और जनसभाएं कर चुके हैं। जिला बिलासपुर, ऊना, चंबा में चुनावी हुंकार भर चुके हैं। इसके अलावा मंडी में उन्होंने कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया था। विधानसभा चुनाव को देखते हुए दशहरे के बहाने कुल्लू में भी मोदी आ चुके हैं।

    इससे पहले सोलन में मोदी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान जनसभा की थी। उसके बाद वह अब 5 नवंबर को पहली बार सोलन आएंगे।

  • ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

    ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

    HNN/ सोलन

    बद्दी स्वारघाट मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार व्यक्ति नीचे गिर गया और बुरी तरह से घायल हो जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी अनुसार, पंजाब के जिला रोपड़ की तहसील आनंदपुर साहिब के कल्याणपुर गांव का रहने वाला सरवण सिंह पुत्र भट सिंह बाइक पर सवार होकर बद्दी स्वारघाट मार्ग पर जोघों की तरफ जा रहा था।

    इस दौरान नालागढ़ की ओर से एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस दौरान व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ तथा उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। डीएसपी मानवेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है साथ ही चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

  • निर्वाचन क्षेत्रों को आवंटित की गई वी.वी.पैट मशीनें

    निर्वाचन क्षेत्रों को आवंटित की गई वी.वी.पैट मशीनें

    HNN / सोलन

    विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के संचालानार्थ, ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में, प्रयुक्त की जाने वाली ई.वी.एम. व वी.वी.पैट मशीनों का यादृच्छिकीकरण किया गया। ज़िला के 05 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों को ई.वी.एम. व वी.वी.पैट आवंटित किए गए।

    इस दौरान कुल 861 यूनिट जिसमें से 50-अर्की को 197 बैलेट यूनिट, 51-नालागढ़ को 171 बैलेट यूनिट, 52-दून को 146 बैलेट यूनिट, 53-सोलन (अ.ज.) को 191 बैलेट यूनिट तथा 54-कसौली (अ.जा.) को 156 बैलेट यूनिट तथा कुल 861 कंट्रोल यूनिट जिसमें से 50-अर्की को 197 कंट्रोल यूनिट, 51-नालागढ़ को 171 कंट्रोल यूनिट वी.वी.पैट मशीनें आवंटित की गई।

    वही, 52-दून को 146 कंट्रोल यूनिट, 53-सोलन (अ.ज.) को 191 कंट्रोल यूनिट तथा 54-कसौली (अ.जा.) को 156 कंट्रोल यूनिट और कुल 986 वी.वी.पैट मशीनें जिसमें से 50-अर्की को 227 वी.वी.पैट मशीनें, 51-नालागढ़ को 196 वी.वी.पैट मशीनें, 52-दून को 166 वी.वी.पैट मशीनें यूनिट, 53-सोलन (अ.ज.) को 218 वी.वी.पैट मशीनें तथा 54-कसौली (अ.जा.) को 179 वी.वी.पैट मशीनें निर्वाचन क्षेत्रवार आवंटित की गई।

    इसके उपरांत, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने कोटला नाला स्थित तहसील कार्यालय परिसर से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के नोडल अधिकारी व उनके सहायक कर्मचारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ई.वी.एम व वी.वी.पैट प्रदान की गई। ई.वी.एम व वी.वी.पैट का यादृच्छिकीकरण तथा विधानसभा क्षेत्रों की मशीनों को प्रदान कर भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल की पूर्ण अनुपालना की गई।

  • घर से हजारों रुपए की नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण गायब

    घर से हजारों रुपए की नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण गायब

    HNN/ सोलन

    परवाणू के निकटवर्ती गांव खड़ीन में शातिर घर में सेंधमारी कर हजारों रुपए की नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर गए। शातिरों ने चोरी की वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। इस दौरान शातिर घर के ताले तोड़कर अंदर घुस आए और अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों सहित 35 हजार रूपए की नकदी पर हाथ साफ़ कर गए।

    परिवार के सदस्य जब वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और अलमारी से आभूषणों सहित कैश भी गायब था। जिसके बाद मेज़र सिंह (42) कसौली जिला सोलन ने पुलिस थाना परवाणू में मामला दर्ज करवाया। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है साथ ही मामले की तहकीकात जारी है।

  • स्वीप कार्यक्रम के तहत बुक हब सोलन के बच्चों ने लोगों को किया जागरूक

    स्वीप कार्यक्रम के तहत बुक हब सोलन के बच्चों ने लोगों को किया जागरूक

    HNN/ सोलन

    जिला प्रशासन और नगर निगम सोलन के संयुक्त तत्वाधान में सोलन के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बुक हब सोलन (बी.एच.एस) ने स्वीप गतिविधि के तहत गत दिवस मुरारी मार्केट में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

    जागरूकता कार्यक्रम के दौरान फ्लैश मॉब के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस अभियान के तहत रितिका, साक्षी चौहान तथा गौरवी चौहान पुराने उपायुक्त कार्यालय के नज़दीक वॉल पेन्टिंग कर लोगों को मताधिकार के बारे में जागरूक किया गया।

    इस अवसर पर बुक हब के बच्चों ने लघु नाटिका के माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। लघु नाटिका में रोहित कुमार, संदीप शर्मा, नीरज चौहार, भाग चंद, कबर गर्ग, प्रज्ञा चौहान, मधु, निधि, साक्षी चौहान, गौरवी चौहान, सृष्टि वर्मा, गरिमा शर्मा, शिवानी शर्मा तथा नेहा चौहान ने प्रस्तुति दी।