Education / पांच वर्षों में सीबीएसई सरकारी स्कूल बनेंगे राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान: मुख्यमंत्री
Education : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालय अगले पांच वर्षों में राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों के रूप में स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है।
शिमला
बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू की है और 156 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है तथा सरकारी विद्यालयों में 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श वातावरण विकसित कर रहा है, जहां विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
शिक्षा में गुणवत्ता और आधुनिक व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और राज्य सरकार इसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि असर रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों ने पढ़ने की क्षमता के मामले में देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं परख मूल्यांकन और शिक्षा मंत्रालय के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय सुधार दर्ज करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शिक्षा की पहुंच बढ़ाना नहीं, बल्कि शिक्षण की गुणवत्ता को भी लगातार बेहतर बनाना है।
बिशप कॉटन स्कूल की उपलब्धियों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिशप कॉटन स्कूल उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व और चरित्र निर्माण की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यालय से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों ने देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज, प्रदेश और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
माउंटेनियरिंग अभियान को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के संस्थापक बिशप जॉर्ज एडवर्ड लिंच कॉटन की स्मृति में बने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और विद्यालय का ध्वज फहराया। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के माउंटेनियरिंग अभियान-2026 को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 28 जुलाई से 8 अगस्त तक लेह-लद्दाख में आयोजित किया जाएगा।