Loading...

Result / सरकारी स्कूलों का दबदबा, सिरमौर के चार छात्रों ने मेरिट में मारी बाजी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 May 2026 • 1 Min Read

Result :: सरकारी स्कूलों का दबदबा, सिरमौर के चार छात्रों ने मेरिट में मारी बाजी। निजी स्कूलों का सुपड़ा साफ, दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने लहराया परचम।

नाहन

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार जिला सिरमौर के सरकारी स्कूलों ने दमदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया।

जिले के चार छात्र-छात्राओं ने बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान हासिल कर सरकारी शिक्षा व्यवस्था की मजबूत तस्वीर पेश की है।

खास बात यह रही कि मेरिट में स्थान बनाने वाले चारों विद्यार्थी दुर्गम क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों से संबंध रखते हैं, जबकि इस बार निजी स्कूल मेरिट सूची से पूरी तरह गायब रहे।

कला संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार की छात्रा आरुषि ने 500 में से 495 अंक हासिल कर 99 प्रतिशत के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की समृद्धि ने 489 अंक लेकर 97.8 प्रतिशत के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया।

इसी स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाना पालर की छात्रा रुचिका ने भी 489 अंक लेकर संयुक्त रूप से जगह बनाई।

विज्ञान संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर के छात्र आरव शर्मा ने 500 में से 490 अंक लेकर 98 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

सरकारी स्कूलों के इस प्रदर्शन से शिक्षा विभाग को भी नई ऊर्जा मिली है और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह बड़ी प्रेरणा बनकर उभरा है।

Related Topics: