Loading...

शिक्षा / छठी से आठवीं तक बदलेगा सिलेबस, हिमाचल के इतिहास, संस्कृति और बोलियों से रूबरू होंगे विद्यार्थी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नया पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। नई पुस्तकों में पहली बार प्रदेश के इतिहास, भूगोल, लोक संस्कृति, बोलियों, पारंपरिक व्यंजनों, अर्थव्यवस्था और राजनीतिक व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी शामिल की जाएगी, ताकि विद्यार्थी अपने राज्य की पहचान और विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकें।

शिमला

नए पाठ्यक्रम में शामिल होंगे हिमाचल से जुड़े विषय

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि नई पुस्तकों में हिमाचल के प्रागैतिहासिक काल से लेकर राज्य गठन तक के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, कारगिल युद्ध में प्रदेश के वीर सैनिकों, सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय बोलियों, अर्थव्यवस्था तथा राजनीतिक व्यवस्था जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।

विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतियोगी परीक्षाओं में लाभ

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत से जोड़ना है। नए पाठ्यक्रम से बच्चों में विश्लेषणात्मक सोच विकसित होगी, राज्य के बारे में जानकारी बढ़ेगी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी उन्हें लाभ मिलेगा।

एक माह में अंतिम रूप दिया जाएगा पाठ्यक्रम

बैठक में तय किया गया कि नई पाठ्य सामग्री को एक माह के भीतर अंतिम रूप देकर प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में नई पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

विशेषज्ञ समिति कर रही है पाठ्यक्रम तैयार

पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए गठित समिति लगातार बैठकें कर रही है। इसमें शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, एससीईआरटी तथा शिक्षा विशेषज्ञों के प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा, शिक्षा बोर्ड के सचिव अंकुश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह और एससीईआरटी के प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Related Topics: