HPU / सिरमौर में एचपीयू की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी, अवकाश आदेश में आंशिक संशोधन
HPU : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 20 और 21 जुलाई 2026 के लिए जारी अत्यधिक भारी वर्षा के रेड अलर्ट के बीच जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर प्रियंका वर्मा ने शिक्षण संस्थानों के अवकाश संबंधी पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन किया है। संशोधित आदेश के तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की निर्धारित परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी, जबकि शिक्षण संस्थानों को बंद रखने संबंधी अन्य निर्देश यथावत प्रभावी रहेंगे।
एचपीयू परीक्षाओं को आदेश से दी गई छूट
नाहन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रेड अलर्ट चेतावनी के चलते जिला प्रशासन ने पहले 20 और 21 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को एहतियातन बंद रखने के आदेश जारी किए थे। बाद में यह संज्ञान में आया कि इन्हीं तिथियों पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की विभिन्न परीक्षाएं निर्धारित हैं और बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना है। इसे देखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30(2)(v) के तहत एचपीयू की परीक्षाओं को उक्त आदेश से अपवाद (Exception) प्रदान किया है।
सुरक्षा उपायों के पालन के दिए निर्देश
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश की अन्य सभी शर्तें एवं निर्देश यथावत लागू रहेंगे। सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों, परीक्षा प्राधिकरणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षाओं के आयोजन के दौरान परीक्षार्थियों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक एहतियाती उपायों का पालन किया जाए।