Nauni University / छात्रों के विरोध के बाद नौणी विश्वविद्यालय ने फीस घटाई, यूजी-पीजी विद्यार्थियों को 37 हजार तक राहत
Nauni University / छात्रों के विरोध और व्यापक विचार-विमर्श के बाद डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए फीस में बड़ी कटौती की है। विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की सामान्य एवं सेल्फ फाइनेंसिंग सीटों के शुल्क में राहत दी है। अलग-अलग पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को 19,200 रुपये से लेकर 37,000 रुपये तक की राहत मिलेगी। प्रवेश शुल्क और अन्य मदों में भी कटौती की गई है।
सोलन
विश्वविद्यालय की संशोधित फीस संरचना के अनुसार यूजी सामान्य सीट के विद्यार्थियों को 19,200 रुपये की राहत दी गई है। यूजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस में 28,010 रुपये की कमी की गई है। इसी तरह पीजी सामान्य सीट के विद्यार्थियों को 32,000 रुपये और पीजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट के विद्यार्थियों को 37,000 रुपये की राहत मिलेगी।
प्रवेश शुल्क और अन्य मदों में भी कटौती
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश शुल्क में 8,000 रुपये की राहत दी है। प्लेसमेंट मार्गदर्शन शुल्क में 700 रुपये की कमी की गई है, जबकि रिफंडेबल कॉलेज सिक्योरिटी में 1,000 रुपये की राहत दी गई है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी सुचेत अत्री के अनुसार संशोधित फीस संरचना शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगी।
विद्यार्थियों को मिली फीस में राहत
| शुल्क | कितनी राहत |
|---|---|
| यूजी सामान्य सीट | ₹19,200 |
| यूजी सेल्फ फाइनेंसिंग | ₹28,010 |
| पीजी सामान्य सीट | ₹32,000 |
| पीजी सेल्फ फाइनेंसिंग | ₹37,000 |
| प्रवेश शुल्क | ₹8,000 |
| प्लेसमेंट मार्गदर्शन शुल्क | ₹700 |
| रिफंडेबल कॉलेज सिक्योरिटी | ₹1,000 |