Result/ किसान की बेटी रुचिका ने रचा इतिहास, +2 बोर्ड में प्रदेश में 8वां स्थान
Himachalnow / सिरमौर
Result :: किसान की बेटी रुचिका ने रचा इतिहास, +2 बोर्ड में प्रदेश में 8वां स्थान। 97.8% अंकों के साथ कला संकाय में चमकी संगड़ाह की छात्रा, बनी प्रेरणा।
संगड़ाह
जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह के लाना पालर से एक होनहार बेटी ने अपनी मेहनत के दम पर बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाना पालर की छात्रा रुचिका ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10+2 परीक्षा में कला संकाय में 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है।
साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली रुचिका के पिता भीम सिंह और माता अनीता देवी खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद रुचिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए परिस्थितियां नहीं, बल्कि हौसले मायने रखते हैं।
रुचिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव कुफ्फर-कायरा के राजकीय उच्च विद्यालय से पूरी की। इसके बाद जमा एक में उसने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाना पालर में प्रवेश लिया और पढ़ाई के दौरान अपने मामा के घर रहकर लगातार मेहनत करती रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य तपेंद्र सिंह ने बताया कि रुचिका की इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल परिवार गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि वार्षिक समारोह में छात्रा को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
रुचिका की इस सफलता से जहां स्कूल में खुशी का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में भी उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार उसे बधाइयां दे रहे हैं।
बहरहाल, किसान परिवार से निकली यह बेटी आज न केवल अपने माता-पिता और स्कूल का नाम रोशन कर रही है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक मजबूत प्रेरणा बनकर उभरी है।