सैनवाला स्कूल में जैव विविधता दिवस पर सजी रचनात्मकता की रंगीन तस्वीर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पत्ती सजावट, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
राजगढ़
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में शुक्रवार को विश्व जैव विविधता दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान पत्ती सजावट, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण, हरित पृथ्वी और जैव विविधता जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक सोच को रंगों और शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों के उत्साह और प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
पत्ती सजावट प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में काजल ने प्रथम, अवनी ने द्वितीय तथा कनिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में नेहा प्रथम, अवेशिका द्वितीय और अंकिता तृतीय स्थान पर रहीं।चित्रकला प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में शिवओम ने प्रथम, तरुण ने द्वितीय तथा यशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में लविशा ने प्रथम, इशा ने द्वितीय तथा प्राचिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में अदिति ने प्रथम, आयुष ने द्वितीय और दिव्यांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में प्रषित ने प्रथम, आयुष ने द्वितीय तथा प्राची ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अयूब खान ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
