जुब्बल की बेटी शिवानी शर्मा बनी लेफ्टिनेंट, भारतीय सेना में किया परिवार को गौरवान्वित
HNN/शिमला
जुब्बल की बेटी शिवानी शर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से जुब्बल गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिवानी ने परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय सेना में नर्सिंग अधिकारी का पद हासिल किया है।
शिवानी का जन्म करसोग तहसील के चुराग गांव में हुआ था। उनके पिता खुशीराम शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और उनकी माता मीना शर्मा एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। शिवानी की प्रारंभिक शिक्षा माहूनाग और चुराग में हुई और उन्होंने नर्सिंग स्नातक पालमपुर से पूरी की।
वर्तमान में वह NHRM द्वारा मशोबरा खंड के उप स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थीं। अब 16 सितंबर से उन्होंने भारतीय सेना में मेघालय के शिलांग में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू की है। शिवानी शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि उनके पूरे क्षेत्र के लिए भी प्रेरणा स्रोत है।