ऊना ‘हर घर नल से जल’ में अग्रणी, सभी ग्रामीण परिवारों को शत-प्रतिशत नल कनेक्शन
जिला ऊना ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए सभी ग्रामीण परिवारों तक कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन पहुंचा दिए हैं। प्रशासन ने जल गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति को बनाए रखने के लिए निगरानी तंत्र और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में उपलब्धि की पुष्टि
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के सभी ग्रामीण परिवारों को शत-प्रतिशत कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन, जल शक्ति विभाग और ग्रामीण समुदाय के समन्वित प्रयासों से संभव हुई है।
गुणवत्ता, नियमितता और स्रोत संरक्षण पर जोर
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ-साथ जल आपूर्ति की गुणवत्ता, नियमितता और दीर्घकालीन जल स्रोत संरक्षण पर समान प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परिवार तक प्रतिदिन स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मॉनिटरिंग व्यवस्था होगी और सशक्त
उन्होंने जमीनी निरीक्षण व्यवस्था, तकनीकी मॉनिटरिंग तथा जवाबदेही तंत्र को निरंतर मजबूत करने पर बल दिया। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों को समयबद्ध पूरा करने और नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
विभाग ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट
सदस्य सचिव एवं अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग शशि कांत ने बैठक में योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति, संस्थागत कवरेज तथा जल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में जल शक्ति विभाग वृत्त ऊना के अधिशासी अभियंता, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।