समय पर मरम्मत, समझदारी से उपयोग और सोलर योजना पर जोर
बिजली आपूर्ति के लिए ठोस तैयारियां शुरू
गर्मियों की आमद के मद्देनजर ऊना जिला प्रशासन बिजली आपूर्ति की चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए पूरी मुस्तैदी से ठोस कदम उठाने में जुटा है। इस क्रम में अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने सोमवार को विद्युत बोर्ड के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अधीक्षण अभियंता बलराज सांगर और अधिशासी अभियंता यशविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समझदारी से करें बिजली का उपयोग
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक मरम्मत कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नागरिकों से बिजली के संयमित और समझदारी से उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से बिजली उपकरण चालू न रखें, क्योंकि बचाई गई एक यूनिट बिजली, उत्पन्न की गई एक यूनिट के बराबर होती है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
मरम्मत कार्यों से अस्थायी बाधा संभव
अधीक्षण अभियंता बलराज सांगर ने बताया कि हाल ही में रविवार को जिले में आवश्यक मरम्मत कार्य किए गए हैं और आगामी एक से दो सप्ताह में भी कुछ क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जारी रहेंगे। इस दौरान बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है, जिसके लिए उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है।
एसी का तापमान 25 डिग्री से नीचे न रखें
अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं को सुझाव दिया कि एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 25 डिग्री से नीचे न रखें। इससे बिजली बिल में लगभग 50 प्रतिशत तक की बचत संभव है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गर्मियों में जिले में प्रतिदिन अधिकतम लोड के समय औसतन 180 से 190 मेगावाट बिजली की मांग थी, जबकि इस वर्ष इसमें और वृद्धि का अनुमान है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से मिलेगी राहत
बलराज सांगर ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर प्लांट पर सरकार द्वारा 86,500 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर बिजली बिल शून्य कर सकते हैं। यह न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि बिजली बोर्ड के बुनियादी ढांचे पर भी दबाव कम करने में सहायक है।
ऊना में योजना को लेकर उत्साह
उन्होंने बताया कि ऊना जिले में इस योजना को लेकर लोगों में रुचि बढ़ रही है। अब तक लगभग 600 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 232 घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं और शेष पर कार्य जारी है। इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





