Loading...

पंजाब में बसों पर हमले के बाद एचआरटीसी ने 20 रूट बंद किए, सुरक्षा मिलने तक नहीं भेजी जाएंगी बसें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Mar 2025 • 1 Min Read

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- जब तक सुरक्षा की गारंटी नहीं, तब तक पंजाब को बसें नहीं जाएंगी

20 रात्रि रूटों की सेवाएं बंद
पंजाब में एचआरटीसी बसों पर लगातार हो रहे हमलों के चलते निगम ने शनिवार को जिन 20 रात्रि सेवाओं को बंद किया था, उन्हें रविवार को भी बहाल नहीं किया गया। यह वे रूट हैं, जिनका रात्रि ठहराव पंजाब के विभिन्न शहरों में होता है। अब इस मामले में सोमवार को पंजाब सरकार से चर्चा के बाद ही कोई अगला निर्णय लिया जाएगा।

तीन बसों पर हमला, आपत्तिजनक टिप्पणियां
पंजाब के अमृतसर, होशियारपुर और खरड़ में एचआरटीसी की बसों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। अमृतसर में तीन बसों के शीशे तोड़े गए और एक बस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी लिखी गईं। इससे नाराज होकर निगम प्रबंधन ने अमृतसर, लुधियाना, होशियारपुर और जालंधर को जाने वाली बसों की सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दीं।

सरकार ने मांगी सुरक्षा की लिखित गारंटी
हिमाचल सरकार ने पंजाब सरकार से सभी बस अड्डों पर हिमाचल की बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस मामले में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में मीडिया से कहा कि जब तक पंजाब से सुरक्षा की लिखित गारंटी नहीं मिलती, तब तक बसें नहीं भेजी जाएंगी।

पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर बातचीत जारी
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और पंजाब सरकार से लगातार संवाद कर रही है। डीजीपी स्तर पर भी वार्ता चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी जब इसी तरह की घटना हुई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सेवाएं बहाल की गई थीं। अब दोबारा चर्चा के बाद ही कोई फैसला होगा।