सराहां स्कूल में दो दिवसीय उपमंडल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शुभारंभ
विज्ञान के हर सवाल के पीछे ‘क्यों’ जानने की आदत विकसित करें विद्यार्थी : एसडीएम प्रियंका चंद्रा
हिमाचल नाऊ न्यूज सराहां
जिला सिरमौर के सराहां स्कूल में दो दिवसीय उपमंडल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शुभारंभ एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने किया। बाल विज्ञान कांग्रेस में पच्छाद उपमंडल के 18 स्कूलों से करीब 160 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, गतिविधि केंद्र, गणित ओलंपियाड, विज्ञान मॉडल सहित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम डॉ. प्रियंका चंद्रा ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विज्ञान को समझने के लिए हर विषय के पीछे छिपे कारण को जानना जरूरी है। विद्यार्थियों में सवाल पूछने और उसके उत्तर को तर्क के आधार पर समझने की आदत विकसित होनी चाहिए। उन्होंने ‘क्यों’ प्रश्न को वैज्ञानिक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को नई अवधारणाओं को समझने और प्रयोग के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी ऊर्जा को शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और नवाचार में लगाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।
बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार और तर्कशील नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।