Loading...

SIT / बंबर ठाकुर गोलीकांड में एसआईटी का गठन, 4 हमलावरों की तलाश जारी

हिमाचलनाउ डेस्क • 16 Mar 2025 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम का नेतृत्व एडीजीपी ज्ञानेश्वर कर रहे हैं, जबकि डीआईजी सौम्या को चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। इसके अलावा एसपी बिलासपुर और दो अन्य अधिकारी भी इस टीम में शामिल हैं।

होली के दिन अंधाधुंध फायरिंग
होली के दिन शुक्रवार को बिलासपुर के वीआईपी चंगर सेक्टर में स्थित अपनी पत्नी के सरकारी आवास पर बंबर ठाकुर लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान चार हमलावरों ने उन पर अचानक गोलियां बरसाईं। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने 22 से 24 राउंड फायर किए। बंबर ठाकुर इनोवा गाड़ी के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने की कोशिश की।

हमले में तीन लोग घायल
हमले में बंबर ठाकुर की बाईं टांग में गोली लगी, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी संजीव कुमार को पेट और टांग में गोली लगी है। संजीव कुमार का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। वहीं, छर्रे लगने से विशाल चंदेल नामक व्यक्ति भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

घटनास्थल से बोलेरो और पिस्तौल बरामद
पुलिस ने मंडी जिले के चक्र से एक बोलेरो गाड़ी और पिस्तौल बरामद की है। गाड़ी के चालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात के बाद बिलासपुर बस अड्डे से भागने के लिए इसी गाड़ी का इस्तेमाल किया था।

एक साल पुराने हमले से जुड़े तार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हमला पिछले साल फरवरी में रेल लाइन कंपनी के कार्यालय में बंबर ठाकुर पर हुए हमले के मुख्य आरोपी से जुड़ा हो सकता है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो हमलावरों की पहचान की गई है, जो हरियाणा के रोहतक के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
सदर थाना में चश्मदीद के बयान पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए हैं।

पुलिस का बयान
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया, “हमलावर स्थानीय नहीं हैं। कुछ इनपुट मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।”