HNN/ शिमला
दीपावली के लिए हिमाचल के बाजार गुलजार हो गए हैं। सुबह से ही प्रदेश के बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली तथा दिन तक लोगों का हुजूम बाजारों में उमड़ पड़ा। कुछ लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे तो कुछ लोगों ने मौज मस्ती और घूमने के लिए बाजारों का रुख किया। जगह-जगह पटाखों की दुकानें लगी हुई है जहां पर अत्यधिक भीड़ देखने को मिली। खास तौर पर पटाखे खरीदने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
इसके अलावा महिलाओं ने घरों को सजाने के लिए मिट्टी के दीये भी खरीदे। दीपावली के लिए न केवल शहर बल्कि नगर सहित ग्रामीण इलाकों से पहुंचे ग्राहकों की खरीदी से बाजार गुलजार नजर आए तथा मुख्य मार्ग सहित अन्य मार्गो पर भारी भीड़ सुबह से लेकर देखी गई। रविवार के बाद सोमवार को भी कपड़ा, रेडीमेड, आभूषणों, श्रृंगार, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य दुकानों पर लोग दीपावली के लिए खरीददारी करते नजर आए।
दीपावली पर रेडीमेड कपड़ों सहित गिफ्ट शॉप और सजावट की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ नजर आई। इसके साथ ही पूजन सामग्री की दुकानों पर भी लोगों का तांता लगा रहा तथा दीपावली के लिए लोग पूजन सामग्री खरीदते रहे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न बाजारों में जगह-जगह जगह लगी मिष्ठान्न की दुकानों से भी लोगों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयां खरीदी। वही, त्योहारी सीजन के चलते स्वास्थ्य विभाग पहले से ही अलर्ट मोड पर है तथा प्रदेश के बाजारों का औचक निरीक्षण कर मिठाइयों के सैंपल भर लिए गए हैं।
अक्सर देखा जाता है कि कुछ दुकानदार चंद पैसों के लालच में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हैं और मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट कर उसे बेचते हैं। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग पहले से ही अलर्ट मोड़ पर आ चुका है। वही त्योहारी सीजन के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। वही फायर ब्रिगेड की टीमें भी मुस्तैदी से अपना कार्य कर रही है।
उधर, दीपावली त्योहार के चलते सड़कों पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में खरीददारी करने पहुंचे लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस बार दीपावली पर लोगों की भीड़ उमड़ने से दुकानदारों ने भी राहत की सांस ली है।