Loading...

हिमाचल: टांडा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग मामला, सीनियर एमबीबीएस छात्र डेढ़ साल के लिए निलंबित

हिमाचलनाउ डेस्क • 19 Mar 2025 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा में होली के दिन जूनियर छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सीनियर एमबीबीएस प्रशिक्षु को डेढ़ साल के लिए निलंबित कर दिया है और उस पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

एंटी रैगिंग कमेटी ने की सख्त कार्रवाई

कॉलेज प्रशासन ने इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी, जिसके बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच कर आरोपी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की। टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि समिति ने इस मामले को गंभीरता से लिया और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त फैसला लिया गया है

अमन काचरू मामले के बाद और सख्त हुए नियम

डॉ. शर्मा ने कहा कि 2008 के अमन काचरू रैगिंग मामले के बाद से प्रशासन जूनियर छात्रों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को गंभीरता से लेता है। पीड़ित जूनियर डॉक्टर ने अपना नाम गुप्त रखने की मांग की थी, जिसे कॉलेज प्रशासन ने स्वीकार कर लिया।

तेजधार वस्तु से हमला करने का आरोप

मामले में 2019 बैच के सीनियर प्रशिक्षु पर 2022 बैच के जूनियर छात्र पर किसी तेजधार वस्तु से हमला करने का आरोप लगा है। हालांकि, पुलिस को दी गई शिकायत में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए

पुलिस में दर्ज हुआ मामला, दोनों पक्षों में समझौता

मामले की जानकारी मिलने के बाद टांडा पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की सूचना है। कांगड़ा के डीएसपी अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि की और कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले पर नजर बनाए हुए है।